Move to Jagran APP

रूस में कोरोना संक्रमितों की संख्या 12 लाख के पार, रोजाना के नए मामलों में हो रही भारी उछाल

रूस की राजधानी मॉस्को फिर कोरोना महामारी का केंद्र बनता जा रहा है। यहां संक्रमण की रोकथाम के लिए कई सख्त उपाय किए गए हैं। जबकि देशभर में गत सितंबर के प्रारंभ से नए मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।

By Dhyanendra SinghEdited By: Published: Sat, 03 Oct 2020 09:00 PM (IST)Updated: Sat, 03 Oct 2020 09:00 PM (IST)
रूस में कोरोना संक्रमितों की संख्या 12 लाख के पार, रोजाना के नए मामलों में हो रही भारी उछाल
रूस में कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए कई सख्त उपाय किए गए हैं।

मॉस्को, एजेंसियां। रूस में दूसरे दौर की कोरोना महामारी का प्रकोप लगातार बढ़ता ही जा रहा है। रोजाना के नए मामलों की संख्या भी दस हजार के करीब पहुंच गई है। नए मामलों में इस बड़े उछाल के चलते संक्रमित लोगों का आंकड़ा 12 लाख के पार पहुंच गया है। इनमें से नौ लाख 75 हजार 859 उबर चुके हैं। देशभर में कुल 21 हजार 251 पीड़ितों की मौत हुई है।

prime article banner

रूस के कोरोना रिस्पांस सेंटर ने शनिवार को एक बयान में बताया, 'देश में बीते 24 घंटे के दौरान 9,859 नए कोरोना रोगी पाए गए।' इन नए मामलों में से 2,884 राजधानी मॉस्को में मिले। इस शहर में गत सोमवार से रोजाना दो हजार से ज्यादा पॉजिटिव मिल रहे हैं। मॉस्को फिर महामारी का केंद्र बनता जा रहा है। यहां संक्रमण की रोकथाम के लिए कई सख्त उपाय किए गए हैं। जबकि देशभर में गत सितंबर के प्रारंभ से नए मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इस बीच, रूस के कंज्यूमर राइट्स एंड ह्यूमन वेलफेयर वाचडॉग ने बताया कि देश में कोरोना महामारी की शुरुआत होने से लेकर अब तक चार करोड़ 72 लाख कोरोना टेस्ट किए गए हैं। बीते 24 घंटों के दौरान चार लाख 23 हजार टेस्ट किए गए।

मैड्रिड में लगाया गया लॉकडाउन

स्पेन की राजधानी मैड्रिड में संक्रमण की दर बढ़ने पर शनिवार से आंशिक तौर पर दोबारा लॉकडाउन लगा दिया गया। यहां गैर जरूरी आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। रेस्तरां को रात 11 बजे और दुकानों को रात दस बजे तक बंद करने का आदेश दिया गया है। ये पाबंदियां दो हफ्ते के लिए जारी की गई हैं। यूरोप में संक्रमण की सर्वाधिक दर मैड्रिड में बताई जा रही है। इसी के चलते यह कदम उठाया गया है।

तेहरान में बंद किए गए स्कूल और मस्जिद

ईरान की राजधानी में संक्रमण बढ़ने पर स्कूलों, मस्जिदों और दूसरे सार्वजनिक संस्थानों को शनिवार से एक हफ्ते के लिए बंद कर दिया गया। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देशभर में बीते 24 घंटे के दौरान 3,523 नए संक्रमित मिलने से पीड़ितों की संख्या चार लाख 68 हजार से ज्यादा हो गई है। कुल 26 हजार 746 पीडि़तों की जान गई है।

विश्वभर में कोरोना महामारी से जुड़े प्रमुख बिंदु 

सिंगापुर : कोरोना के नए मामलों में गिरावट जारी रहने के मद्देनजर पाबंदियों में और ढील दिए जाने की तैयारी है। यहां शनिवार को सिर्फ छह नए केस पाए गए।

यूक्रेन : बीते 24 घंटे के दौरान 4,661 नए पॉजिटिव केस पाए जाने से कोरोना पीडि़तों का आंकड़ा दो लाख 22 हजार 322 हो गया है। 4,353 मौत हुई है।

अर्जेटीना : रिकॉर्ड 14 हजार 687 नए संक्रमित मिलने से पीडि़तों की संख्या सात लाख 80 हजार हो गई है। यहां अब तक कुल 20 हजार 599 की जान गई है।

नेपाल : इस हिमालयी देश में 2,120 नए कोरोना मरीज मिलने से संक्रमित लोगों की तादाद 84 हजार 570 हो गई है। कुल 528 पीडि़तों की मौत हुई है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.