मॉस्को में बम के 130 फर्जी कॉल, एक लाख लोगों को निकाला गया
मॉस्को में फर्जी फोन कॉल से शुक्रवार को अफरा-तफरी मच गई जिस कारण एक लाख लोगों को कई सार्वजनिक स्थानों से बाहर निकाला गया।
मॉस्को (एजेंसी)। रूस की राजधानी मॉस्को में बम रखे होने के 130 से ज्यादा फर्जी कॉल से शुक्रवार को अफरा-तफरी मची रही। इसके चलते लगभग एक लाख लोगों को शॉपिंग मॉलों, स्कूलों, दफ्तरों और रेलवे स्टेशनों से सुरक्षा के लिहाज से बाहर निकाला गया।
सितंबर के पहले सप्ताह से ही रूस के कई शहरों में इस तरह की अफवाह फैलाई जा रही है। इसके चलते रूसी अर्थव्यवस्था को भारी नुकसान पहुंच रहा है। इस सिलसिले में शुक्रवार की घटना सबसे बड़ी थी।
आज जिन जगहों पर बम प्लांट होने की अफवाह फैलाई गई, उनमें मॉस्को के सभी चार हवाई अड्डे, पांच रेलवे स्टेशन, 15 शॉपिंग मॉल, कई होटल, 20 से ज्यादा स्कूल और कई अन्य स्थान शामिल हैं। रूस की सरकारी समाचार एजेंसी तास ने बताया कि इनमें किसी जगह से कोई बम बरामद नहीं हुआ। मॉस्को से बाहर जाने वाली और वहां आने वाली उड़ानों पर भी इसका असर नहीं हुआ, क्योंकि लोगों को वहां से हटाए जाने के बावजूद सुरक्षाकर्मियों ने बम खोजने का काम जारी रखा। फर्जी कॉल देर शाम तक आते रहे।
यह भी पढ़ें: 19 साल में तीस लोगों को मारकर खा गए रूसी दंपती!