रूस के विपक्षी नेता अलेक्सी को 20 दिन की कैद, पुतिन को मिला बर्थडे गिफ्ट
देश में भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान चलाने वाले विपक्ष के नेता अलेक्सी को शुक्रवार को तब गिरफ्तार किया गया था, जब वह प्रांतीय शहर में एक रैली में जाने की तैयारी कर रहे थे।
मॉस्को, एएनआइ। रूस की कोर्ट ने विपक्ष के नेता अलेक्सी नावेलनी को फिर जेल भेज दिया है। इस साल में यह तीसरी बार है, जब उन्हें जेल की हवा खानी पड़ी है। अलेक्सी अगामी रूस चुनाव में व्यवधान उत्पन्न करने की योजना बना रहे थे। इसलिए कोर्ट ने उन्हें 20 दिन कैद की सजा सुनाई है।
अलेक्सी अब 20 दिनों तक जेल में रहेंगे। इसलिए वह शनिवार को पुतिन के होमटाउन सेंट पीटर्सबर्ग में बड़ी रैली की अगुवाई नहीं कर पाएंगे। एक स्थानीय अखबार ने अलेक्सी के हवाले से लिखा है, 'मेरी जेल की सजा पुतिन को जन्मदिन का तोहफा है।'
देश में भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान चलाने वाले विपक्ष के नेता अलेक्सी को शुक्रवार को तब गिरफ्तार किया गया था, जब वह प्रांतीय शहर में एक रैली में जाने की तैयारी कर रहे थे। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, 'ओल्ड मैन पुतिन हमारी रैलियों से डरे हुए हैं, इसलिए उन्होंने मुझे नजरबंद करवाकर खुद के जन्मदिन पर गिफ्ट दिया है।'
पुलिस ने अलेक्सी पर बार-बार सार्वजनिक बैठकों के आयोजन कर कानून का उल्लंघन करने का आरोप लगाया था, जो वहां एक जुर्म है। इसलिए लिए अधिकतम 30 दिन तक जेल की सजा हो सकती है।
अलेक्सी ने बताया कि वह अगले साल मार्च में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में खड़ा होना चाहते हैं। लेकिन चुनाव अधिकारियों का कहना है कि वह राष्ट्रपति चुनाव लड़ने के योग्य नहीं हैं। बता दें कि पुतिन ने 1999 से रूस का कमान संभाल रखी है और इस बार भी कयास लगाए जा रहे हैं कि वह अगले 6 साल का कार्यकाल भी पूरा करेंगे।