Coronavirus in Russia: एक दिन में लगभग 8,000 केस की पुष्टि, अब तक 1,14,000 से अधिक मामले सामने आए
रूस में शुक्रवार को कोरोना वायरस (COVID-19) के एक ही दिन में लगभग 8000 मामले सामने आए हैं। यहां मरीजों की संख्या 114431 हो गई है। 1169 लोगों की मौत हो गई है।
मास्को, एजेंसियां। रूस में शुक्रवार को कोरोना वायरस (COVID-19) के एक ही दिन में लगभग 8,000 मामले सामने आए हैं। देश में एक ही दिन में रिकॉर्ड 7,933 मामले सामने आने के बाद यहां मरीजों की संख्या 1,14,431 हो गई है। समाचार एजेंसी रायटर्स के अनुसार पिछले 24 घंटे में यहां 96 लोगों की मौत हो गई। कोरोना वायरस से अभी तक यहां 1,169 लोगों की मौत हो गई है।
समाचार एजेंसी एपी के अनुसार की संक्रमितों संख्या बहुत अधिक होने की संभावना है, क्योंकि टेस्टिंग ज्यादा नहीं हो रही है और केवल 70-80% टेस्ट के नतीजे ही सही आ रहे हैं। कम से कम पांच रूसी क्षेत्रों में, स्वास्थ्य अधिकारियों ने मामलों की वृद्धि दर्ज की। सार्वजनिक स्वास्थ्य एजेंसी के अनुसार मॉस्को में, वायरस के आधे से अधिक मामले सामने आए हैं। यहां सभी सांस संबंधी संक्रमण कोरोना वायरस के कारण होने की संभावना है।
प्रधानमंत्री मिखाइल मिशुस्तिन कोरोना से संक्रमित
बता दें कि रूस के प्रधानमंत्री मिखाइल मिशुस्तिन ने गुरुवार को राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को जानकारी दी थी कि वह कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं और उन्होंने खुद सेल्फ आइसोलेट कर लिया है। मिशुस्तिन के गैरमौजूदगी में देश के उप प्रधानमंत्री आंद्रे बेलौसोव अस्थायी रूप से कामकाज संभालेंगे।
मरने वालों की संख्या काफी कम
समाचार एजेंसी एएनआइ के अनुसार रूस में वायरस के आउटब्रेक के बाद कई अन्य देशों की तुलना में काफी कम मामले सामने आए। लेकिन पिछले महीने मामलों में तेजी से वृद्धि हुई और गुरुवार को यह 1,00,000 के आंकड़े को पार कर गया। हालांकि, रूस कोरोना वायरस से प्रभावित देशों की तालिका में ऊपर उठ रहा है, लेकिन यहां मरने वालों की संख्या काफी कम। वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित देशों में एक दिन में हजारों की संख्या लोग मरे हैं। पुतिन ने अधिकारियों को चेतावनी दी है कि वायरस का पीक अभी आने वाला है। उन्होंने कहा कि कहा है कि अगर मई की शुरुआत में लंबी सार्वजनिक छुट्टियों के दौरान लोग लॉकडाउन का उल्लंघन करते हैं तो इससे और मामले बढ़ सकते हैं।