अमेरिका और रूस के खराब संबंधों को लेकर ट्रंप-पुतिन शिखर वार्ता कराने में जुटे बोल्टन
शीत युद्ध के बाद अमेरिका और रूस के संबंध सबसे खराब दौर से गुजर रहे हैं। दोनों देशों में सीरिया और यूक्रेन के मसलों को लेकर मतभेद हैं।
मॉस्को, रायटर/आइएएनएस। अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जॉन बोल्टन राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनके रूसी समकक्ष व्लादिमीर पुतिन के बीच शिखर वार्ता कराने के प्रयास में जुट गए हैं। इसकी जमीन तैयार करने के लिए उन्होंने बुधवार को यहां रूसी अधिकारियों के साथ बात की। ऐसी संभावना है कि जल्द ही दोनों नेताओं की वार्ता की तारीख और स्थान का एलान किया जा सकता है।
रूसी न्यूज एजेंसी तास के अनुसार, बोल्टन ने दोनों देशों में संभावित सहयोग के मसले पर रूस की सुरक्षा परिषद के प्रथम उप सचिव यूरी एवेर्यनोव के साथ चर्चा की। इसके बाद उन्होंने रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से बातचीत की। ट्रंप ने बीते मार्च में फोन कर पुतिन को दोबारा राष्ट्रपति चुने जाने पर बधाई दी थी और कहा था कि वह जल्द ही मुलाकात करेंगे।
शीत युद्ध के बाद अमेरिका और रूस के संबंध सबसे खराब दौर से गुजर रहे हैं। दोनों देशों में सीरिया और यूक्रेन के मसलों को लेकर मतभेद हैं। अमेरिका में रूस पर साल 2016 में हुए राष्ट्रपति चुनाव में दखल देने का आरोप लगाया गया है।