पाक में महिला दिवस पर अधिकारों की मांग करने वाली महिलाओं को सोशल मीडिया पर धमकियां
पाकिस्तान में महिला दिवस पर मार्च आयोजित करने वाली महिला को हत्या और दुष्कर्म की धमकी मिली है।
इस्लामाबाद, रायटर। पाकिस्तान में 'महिला दिवस' पर मार्च आयोजित करने वाली महिला को हत्या और दुष्कर्म की धमकी मिली है। निगहत दाद नाम की इस जागरूक महिला को सोशल मीडिया पर धमकियां दी जा रही हैं। निगहत देश की फेडरल इन्वेस्टीगेशन एजेंसी से शिकायत कर ऑनलाइन उत्पीड़न करने वालों पर कार्रवाई और सुरक्षा की मांग करेंगी।
निगहत दाद ने बताया कि ऑनलाइन धमकियां केवल उन्हें ही नहीं बल्कि मार्च में भाग लेने वाली अन्य महिलाओं को भी दी जा रही हैं। मार्च आयोजित करने वाली एक अन्य महिला को भी धमकियां दी गई हैं लेकिन उन्होंने अपना नाम सार्वजनिक नहीं किया है। ऐसी ही धमकी देने वाले एक अकाउंट को ट्विटर ने निलंबित किया है।
उल्लेखनीय है कि आठ मार्च को आयोजित मार्च में दसियों हजार महिलाओं ने हिस्सा लिया था। केवल कराची में सात हजार से ज्यादा महिलाएं अपने अधिकारों के लिए सड़कों पर आई थीं।
थॉमसन रायटर्स फाउंडेशन के एक सर्वे में 2018 में पाकिस्तान को महिलाओं के लिए छठा सबसे खतरनाक देश पाया गया था। जबकि ह्यूमन राइट्स वाच की रिपोर्ट में कहा गया कि 2018 में पाकिस्तान में प्रेम संबंधों के चलते एक हजार से ज्यादा लड़कियों-महिलाओं की हत्या हुई।
सोशल मीडिया पर वार में दोनों पक्षों की ओर से तर्क और धमकियां दी जा रही हैं। पाकिस्तान में चार करोड़ से ज्यादा फेसबुक यूजर हैं। उनके बीच महिलाओं के अधिकारों और उनके द्वारा मार्च निकाले जाने को लेकर बहस छिड़ गई है। तमाम अकाउंट पर महिलाओं को लेकर घृणित बातें कही जा रही हैं।
कहा जा रहा है कि मार्च में शामिल महिलाएं सामाजिक मूल्यों के खिलाफ अन्य महिलाओं को भड़का रही थीं। मार्च के आयोजकों ने मीडिया पर महिलाओं की एकजुटता और जागरूकता को नकारात्मक रूप से प्रस्तुत करने का आरोप लगाया है। इसी से कट्टरपंथी ताकतों को तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करने का मौका मिला।