विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अमेरिका-ईरान वार्ता के लिए इस्लामाबाद का सेरेना होटल ही क्यों चुना गया? ये हैं कारण

Published: Fri, 10 Apr 2026 11:55 PM (IST)

अमेरिका और ईरान के बीच जारी खींचतान को कम करने के लिए इस्लामाबाद में अहम बातचीत तय की गई है, ...और पढ़ें

सेरेना होटल बना कूटनीति का वार रूम (फोटो- एक्स)

सेरेना होटल बना कूटनीति का वार रूम (फोटो- एक्स)

HighLights

  1. सेरेना होटल बना कूटनीति का वार रूम, यहीं होगी अमेरिका-ईरान वार्ता

  2. हाई-सिक्योरिटी, लोकेशन और गोपनीयता ने बनाया सेरेना को सबसे भरोसेमंद ठिकाना

जागरण न्यूज नेटवर्क , नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच पाकिस्तान अब एक अहम कूटनीतिक भूमिका निभा रहा है।

अमेरिका और ईरान के बीच जारी खींचतान को कम करने के लिए इस्लामाबाद में अहम बातचीत तय की गई है, जिसका मकसद हाल ही में हुए दो हफ्ते के नाजुक युद्धविराम को स्थायी शांति में बदलना है। इस वार्ता में प्रतिबंध, क्षेत्रीय सुरक्षा और ईरान के परमाणु कार्यक्रम जैसे संवेदनशील मुद्दों पर चर्चा होगी।

सेरेना होटल क्यों बना सबसे भरोसेमंद ठिकाना

इस हाई-प्रोफाइल वार्ता के लिए इस्लामाबाद के सेरेना होटल को चुनना कोई संयोग नहीं, बल्कि सोची-समझी रणनीति है।

यह होटल इस्लामाबाद के डिप्लोमैटिक एन्क्लेव के बेहद करीब स्थित है, जहां दूतावास और सरकारी दफ्तर मौजूद हैं, जिससे विदेशी प्रतिनिधियों की आवाजाही आसान और सुरक्षित रहती है।

होटल को सरकार ने पूरी तरह अपने कब्जे में लेकर हाई-सिक्योरिटी जोन में बदल दिया है, मेहमानों को पहले ही चेक-आउट करवा दिया गया और पूरे परिसर को सील कर दिया गया।

सेरेना होटल अपनी बेहतरीन सुरक्षा व्यवस्था, बड़े कांफ्रेंस हाल, 387 कमरों और अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं के लिए जाना जाता है।

साल 2002 में पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ द्वारा उद्घाटन किया गया यह होटल न केवल लग्जरी का प्रतीक है, बल्कि इसे इस तरह डिजाइन किया गया है कि यह 7.5 तीव्रता तक के भूकंप को भी झेल सकता है, जो इसे संवेदनशील बैठकों के लिए और भी उपयुक्त बनाता है।

पहले भी रहा है बड़े फैसलों का गवाह

सेरेना होटल का इतिहास बताता है कि यह सिर्फ ठहरने की जगह नहीं, बल्कि कूटनीतिक गतिविधियों का अहम केंद्र रहा है। यहां पहले भी कई अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन, उच्चस्तरीय बैठकों और विदेशी प्रतिनिधिमंडलों की मेजबानी हो चुकी है।

होटल नहीं, शांति की दिशा तय करने वाला मंच

इस्लामाबाद का सेरेना होटल इस समय सिर्फ एक पांच सितारा इमारत नहीं, बल्कि वैश्विक कूटनीति का केंद्र बन चुका है। इसे चुनने के पीछे सुरक्षा, लोकेशन, अनुभव और गोपनीयता जैसे सभी अहम कारण हैं।

अब पूरी दुनिया की नजर इसी जगह पर टिकी है, जहां लिए गए फैसले न सिर्फ पश्चिम एशिया, बल्कि वैश्विक स्थिरता और अर्थव्यवस्था की दिशा तय कर सकते हैं।