पाकिस्तान में लाइव परफॉर्मेंस के दौरान ट्रांसजेंडर का मर्डर, वायरल हुआ वीडियो
कार्यक्रम में म्यूजिक काफी तेज था, सभी ट्रांसजेंडर के डांस का लुत्फ उठा रहे थे। तभी एक बंदूकधारी आया और डांसर को गोली मार दी।
पेशावर, जेएनएन। पाकिस्तान के पेशावर में एक ट्रांसजेंडर डांसर को सरेआम एक कार्यक्रम के दौरान गोली मार दी गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस घटना से पाकिस्तान में कानून-व्यवस्था की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। अभी ये पता नहीं चल पाया है कि गोली मारने वाला शख्स कौन है?
कार्यक्रम में म्यूजिक काफी तेज था, सभी ट्रांसजेंडर के डांस का लुत्फ उठा रहे थे। तभी एक बंदूकधारी आया और डांसर को गोली मार दी। बंदूकधारी शख्स की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। लेकिन इस शख्स का पहनावा और बंदूक देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि इसका संबंध किसी आतंकवादी संगठन से हो सकता है। इस शख्स ने सिर पर काफी पगड़ी और काले कपड़े पहने हुए थे।
खबरों के मुताबिक, मारे गए ट्रांसजेंडर का नाम दानिश है। बताया जा रहा है कि ट्रांसजेंडर ने कुछ दिनों पहले ही खैबरपख्तून पुलिस को अपनी जान का खतरा होने की लिखित सूचना दी थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्यवाही नहीं की। ये वीडियो इस्लामाबाद में रहने वाले जर्नलिस्ट, एक्टिविस्ट अब्दुल्ला मलिक ने ट्वीट किया है।
गायिका समीना समून
पिछले साल अप्रैल माह में पाकिस्तान के सिंध प्रांत में एक स्थानीय गायिका समीना समून की हत्या कर दी गई थी। इस हत्या को अंजाम देने वाला तारिक सतोई नाम का शख्स था। तारिक सतोई ने ही गायिका समीना को बेहद करीब से सिर में गोली मारी थी। इस हत्या के पीछे महज इतनी ही वजह थी कि वह गर्भवती होने की वजह से गाने के साथ खड़े होकर नाच नहीं रही थी। यही बात सतोई को खल गई और उसने करीब से समीना को गोली मार दी। अस्पताल पहुंचने से पहले ही गायिका की मौत हो गई। जहां तक समीना की बात है तो सिंध पुलिस के मुताबिक तारिक उस वक्त नशे में था।
कंदील बलूच
कंदील बलूच इंटरनेट की सनसनी के तौर पर जानी जाती थी। यही वजह थी कि उसको पाकिस्तान की किम कारदर्शियां कहा जाने लगा था। कंदील इसलिए भी चर्चा में रही थी क्योंकि उसने अपने कई हॉट वीडियो इंटरनेट पर शेयर किए थे। वह अकसर इंटरनेट पर वीडियो बनाकर अपने डेली रुटिन और कई कंट्रोवर्शियल इश्यूज पर अपनी राय रखती थी। वह अपने बोल्ड अंदाज और विवादों में रहने की वजह से अक्सर मीडिया में छाईं रहती थी इस कारण सोशल मीडिया पर इनके फॉलोवर्स की संख्या हजारों में थी। बलोच अक्सर क्रिकेट से जुड़े बयानों के लिए चर्चा में रहती थीं। इसके अलावा पाकिस्तानी क्रिकेटर समेत भारतीय क्रिकेटर्स को भी उसने वीडियो मैसेज भेजे थे जो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुए थे।