पाकिस्तान के बलूचिस्तान में सुरक्षाबलों पर आतंकी हमला, 15 की मौत; इस संगठन ने ली जिम्मेदारी
पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में सरकारी ऑयल कंपनी के एक काफिले पर आतंकवादियों ने हमला कर दिया। हमले में अर्द्धसैनिक बल के आठ जवानों सहित 15 लोगों की मौत हो गई है। जानें इस हमले से जुड़ी सभी जानकारी।
इस्लामाबाद, एजेंसियां। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में सरकारी ऑयल कंपनी के एक काफिले पर आतंकवादियों ने हमला कर दिया। हमले में अर्द्धसैनिक बल के आठ जवानों सहित 15 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि यह हमला ग्वादर के ओरमारा शहर में उस समय किया गया, जब सरकारी आयल एंड गैस डवलपमेंट कंपनी का काफिला कराची के लिए जा रहा था। हमले के दौरान आतंकवादियों ने वाहनों में भी आग लगा दी। हमला सुनियोजित था और हमलावरों को पहले से ही काफिले के गुजरने की खबर लग गई थी। सुरक्षा बलों ने अपनी जान गंवाने के बावजूद काफिले को सुरक्षित निकाल दिया।
मुठभेड़ के दौरान आतंकवादियों को भी काफी नुकसान हुआ है। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर ली है और दहशतगर्दो की तलाश की जा रही है। अधिकारी ने बताया, बलूचिस्तान के एक संगठन बलूच राजी अजोय सिंगर (बीआरएएस)ने ट्विटर पर इस हमले की जिम्मेदारी ली है। सुरक्षा बल इसकी जांच कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि यह क्षेत्र चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारे का केन्द्र बिन्दु है।
यहां पर दोनों देशों की आर्थिक गतिविधियां चल रही हैं। पाकिस्तान और चीन दोनों के लिये यह क्षेत्र काफी महत्वपूर्ण है। 2019 अप्रैल में भी इस क्षेत्र में आतंकवादियों ने हमला करते हुए जल सेना के 14 जवानों को मार दिया था। प्रधानमंत्री इमरान खान ने सुरक्षा कड़ी करने के साथ ही आतंकवादियों पर शिकंजा कसने के लिये कहा है।
आतंकवादियों द्वारा शुर में दावा किया जा रहा था कि यह हमला बलूचिस्तान लिबरेशन फ्रंट ने किया, लेकिन बाद में एक नए उग्रवादी संगठन ने भी हमले की जिम्मेदारी ली। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, इस हमले के बारे में बातचीत करते हुए अधिकारियों ने बताया कि उग्रवादियों के इस हमले में पाकिस्तान ऑयल एंड डेवलमेंट कंपनी के सात कर्मचारी की मौत हो गई है। इसके साथ ही काफिले की सुरक्षा कर रही पाकिस्तान फ्रंटियर कोर के 8 सैनिक भी इस हमले में मारे गए हैं। बता दें कि इस इलाके में पहले भी सुरक्षाबलों पर हमले होते रहे हैं। बीते दिन गुरुवार को उत्तरी वजीरिस्तान में एक और सैन्य काफिले को निशाना बनाया गया था। इस हमले में पाकिस्तानी सेना के एक अधिकारी समेत छह सैन्यकर्मी मारे गए थे। सेना ने एक बयान में कहा था कि आतंकवादियों ने उत्तरी वजीरिस्तान के रजमाक क्षेत्र के पास आईईडी के जरिए सैन्य काफिले को निशाना बनाया था।