श्री हेमकुंड साहिब आ रहे 92 पाकिस्तानी सिख यात्रियों को एयरपोर्ट पर रोका गया, वीजा होने के बाद भी नहीं मिली अनुमति
वीजा होने के बावजूद 90 से अधिक पाकिस्तानी सिख श्रद्धालुओं को फैसलाबाद एयरपोर्ट पर भारत में श्री हेमकुंड साहिब यात्रा के लिए उड़ान भरने से रोक दिया गया।

पाकिस्तान के एयरपोर्ट पर सिख यात्री।
डिजिटल डेस्क, इस्लामाबाद। पाकिस्तान के नापाक मंसूबे एक बार फिर तब सामने आए, जब पाकिस्तान से उत्तराखंड में स्थित पवित्र तीर्थ स्थल श्री हेमकुंड साहिब की यात्रा पर आ रहे 90 से अधिक पाकिस्तानी सिख श्रद्धालुओं को रोक लिया गया।
वीजा होने के बाद भी आव्रजन अधिकारियों ने इन श्रद्धालुओं को भारत आने वाली उड़ान में सवार तक नहीं होने दिया गया। यह पूरी घटना फैसलाबाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुई।
समझिए क्या है पूरा मामला
बता दें कि फेडरल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (FIA) के एक अधिकारी के अनुसार, लगभग 92 पाकिस्तानी सिख, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं...भारत आने के लिए एक अप्रत्यक्ष उड़ान पकड़ने फैसलाबाद एयरपोर्ट पहुंचे थे। लेकिन अधिकारियों ने उन्हें खाड़ी देश जाने वाली एयरलाइन में चढ़ने से रोक दिया।
क्या थी रोकने की वजह क्या रही?
अधिकारियों ने बताया कि इन यात्रियों को दो वजहों से रोकी गई। पहला तो कि यात्रियों के पास वापसी का टिकट नहीं था। दूसरा उनके पास पाकिस्तान की संघीय सरकार से नो-ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट नहीं था। अधिकारियों का कहना था कि जैसे ही वे सरकार की तरफ से एनओसी और रिटर्न टिकट दिखाएंगे, उन्हें आगे की यात्रा की अनुमति दे दी जाएगी।
वाघा बॉर्डर से जाने की सलाह
संघीय सरकार के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि इन श्रद्धालुओं ने दिल्ली मंदिर मैनेजमेंट कमेटी के जरिए अपने दम पर भारतीय वीजा का प्रबंध किया था। अधिकारी के मुताबिक, इन्हें यात्रा के लिए 'पाकिस्तान सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी' (PSGPC) से तालमेल बिठाना चाहिए था और भारत में प्रवेश के लिए वाघा बॉर्डर (Wagah Border) के रास्ते को चुनना बेहतर होता।
एयरपोर्ट पर फंसे श्रद्धालु
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में फैसलाबाद एयरपोर्ट पर मौजूद एक पाकिस्तानी सिख यह कहते हुए नजर आ रहे हैं कि आव्रजन अधिकारियों ने उन्हें भारत जाने से रोक दिया है। उन्होंने कहा कि हम पिछले चार घंटों से एयरपोर्ट पर फंसे हुए हैं... किसी को इसका संज्ञान लेना चाहिए और तीर्थयात्रियों की मदद करनी चाहिए ताकि वे अपनी मंजिल तक पहुंच सकें। वीडियो में अन्य सिख परिवार भी एयरपोर्ट परिसर में इंतजार करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
