बाल यौन शोषण के केंद्र बने पाकिस्तानी मदरसे, पूरे देश के 20 लाख से ज्यादा बच्चे पढ़ते हैं यहां
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के पाकपत्तन में हाल में 11 साल के बच्चे के साथ भी एक मदरसे के मौलवी ने घिनौनी हरकत की थी।
इस्लामाबाद, एपी। पाकिस्तान के मदरसों में बाल यौन शोषण की घटनाएं कोई नई बात नहीं है। यहां आए दिन ऐसी घटनाएं होती रहती हैं। कई पीड़ित बच्चों के अभिभावकों ने कहा कि मदरसों में बच्चों का शोषण आम हो गया है। उनके अनुसार, पाकिस्तानी मदरसे बाल यौन शोषण के केंद्र बन गए हैं।
मदरसों में उत्पीड़न की घटनाएं हुईं आम
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के पाकपत्तन में हाल में 11 साल के बच्चे के साथ भी एक मदरसे के मौलवी ने घिनौनी हरकत की थी। इस पीड़ित छात्र की चाची साजिया ने कहा कि पाकिस्तान के धार्मिक स्कूलों में छोटे बच्चों के उत्पीड़न की घटनाएं आम हो गई हैं। वह मदरसे के मौलवी मोईन शाह को जानती है। मौलवी छोटी लड़कियों से अश्लील बातें करता है। वह कई लड़कों और कुछ लड़कियों के साथ भी गलत हरकत कर चुका है।
मौलवियों पर लगाए गए छेड़छाड़ के आरोप
समाचार एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस (एपी) ने बताया कि पुलिस में दर्ज ऐसी एफआइआर की छानबीन की, जिनमें पूरे पाकिस्तान में फैले कई मदरसों के मौलवियों पर यौन शोषण, छेड़छाड़ और दुष्कर्ष के आरोप लगाए गए हैं। समाचार एजेंसी ने इन आरोपों को लेकर कानून प्रवर्तन अधिकारियों के साथ ही पीड़ितों और उनके अभिभावकों से भी बातचीत की। पाकिस्तान में 22 हजार से ज्यादा पंजीकृत मदरसे हैं। इनमें 20 लाख से ज्यादा बच्चे पढ़ते हैं। कई मदरसे बगैर पंजीकरण के ही संचालित हो रहे हैं। पाकिस्तान में ऐसा कोई केंद्रीय प्राधिकरण तक नहीं है, जो इन आरोपों की जांच कर सके।