पाकिस्तानी सेना ने बर्खास्त किए तीन मेजर, जानिए क्या हैं कारण
पाकिस्तानी सेना ने तीन मेजर को गैर कानूनी गतिविधियों में शामिल होने और पद के दुरुपयोग के आरोप में बर्खास्त कर दिया है।
इस्लामाबाद, प्रेट्र। पाकिस्तानी सेना ने तीन मेजर को गैर कानूनी गतिविधियों में शामिल होने और पद के दुरुपयोग के आरोप में बर्खास्त कर दिया है। सेना ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी।
इंटर सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस ने एक बयान में बताया कि तीन मेजरों में से दो को कठोर कारावास की सजा भी सुनाई गई है। तीनों को अनुशासनहीनता एवं दुर्व्यवहार का दोषी पाया गया है। इन पर पद का दुरुपयोग और गैर कानूनी गतिविधियों में शामिल होने के भी आरोप हैं। सेना की मीडिया शाखा ने भी इसकी पुष्टि की है।
उल्लेखनीय है कि करीब दो महीने पहले भी पाकिस्तानी सेना ने इसी तरह के मामले में एक अधिकारी को सेवा से बर्खास्त कर दिया था। उसे पद के दुरुपयोग के मामले में आजीवन कारावास की सजा भी सुनाई गई थी। मई में भी ब्रिगेडियर (रिटायर्ड) राजा रिजवान और एक प्रशासनिक अधिकारी वसीम अकरम को मौत की सजा सुनाई गई थी। उन अधिकारियों पर पाकिस्तान सेना अधिनियम (पीएए) और आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम के तहत मुकदमा चलाया गया।