पाकिस्तान की गीदड़ भभकी, भारत को एक के बदले 10 सर्जिकल स्ट्राइक की धमकी
मेजर जनरल आसिफ गफूर ने कहा, यदि भारत ने पाक में सर्जिकल स्ट्राइक करने का साहस दिखाया तो उसे 10 सर्जिकल स्ट्राइक का सामना करना होगा।
इस्लामाबाद, प्रेट्र। पाकिस्तान ने एक सर्जिकल हमले के जवाब में भारत के खिलाफ ऐसे 10 हमले करने की चेतावनी दी है। परमाणु शक्ति से लैस दोनों पड़ोसी मुल्कों के बीच बयानों का एक नया दौर शुरू हो गया है।
पाकिस्तानी सेना के इंटर सर्विस पब्लिक रिलेशन के प्रवक्ता मेजर जनरल आसिफ गफूर ने शनिवार को लंदन में मीडिया से बातचीत के दौरान यह कहा। एक यात्रा के दौरान पाकिस्तान के सेना प्रमुख कमर जावेद बाजवा के साथ गफूर भी लंदन गए हुए हैं।
रेडियो पाकिस्तान ने गफूर के हवाले से कहा है, 'यदि भारत ने पाकिस्तान के भीतर सर्जिकल स्ट्राइक करने का साहस दिखाया तो उसे जवाब में 10 सर्जिकल स्ट्राइक का सामना करना होगा।' उन्होंने यह भी कहा कि जो हमारे खिलाफ इस तरह का दुस्साहस करने की सोचते हैं उन्हें अपने दिमाग में पाकिस्तान की क्षमता के बारे में कोई संदेह नहीं रखना चाहिए।
प्रवक्ता ने कहा कि पाकिस्तानी सेना 50 अरब डॉलर के चीन पाकिस्तान आर्थिक गलियारे का कस्टोडियन है। इस मेगा परियोजना से देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। गफूर ने कहा कि सेना पाकिस्तान में लोकतंत्र मजबूत करना चाहती है। जुलाई में हुए आम चुनाव को देश के इतिहास में अब तक का सबसे पारदर्शी चुनाव बताया।