'एक पर हमला, यानी सब पर अटैक', हूतियों को पाकिस्तान की खुली चेतावनी; क्या एक्टिव होगा मक्का डिफेंस अलायंस?
पाकिस्तान ने चेतावनी दी है कि यदि यमन का गृहयुद्ध सऊदी क्षेत्र तक फैलता है, तो सऊदी अरब और तुर्किए के साथ उसका रक्षा गठबंधन सक्रिय हो सकता है।

पाकिस्तान की हूतियों को चेतावनी

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, इस्लामाबाद। पाकिस्तान ने चेतावनी दी है कि सऊदी अरब और तुर्किए के साथ उसका हाल में बना डिफेंस अलायंस सक्रिय हो सकता है, अगर यमन का गृहयुद्ध और संघर्ष सऊदी क्षेत्र तक फैलता है।
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा कि इस समझौते के तहत तीनों में से किसी भी सदस्य देश पर हमला होने की स्थिति में, उसे सभी पर हमला माना जाएगा और उसका संयुक्त रूप से जवाब दिया जाएगा।
मक्का पेक्ट को बताया डिफेंसिव
एक इंटरव्यू में ख्वाजा आसिफ ने कहा कि पिछले महीने मक्का में पाकिस्तान, सऊदी अरब और तुर्किए के बीच हुआ समझौता पूरी तरह से डिफेंसिव है। इसके तहत अगर किसी सदस्य देश पर बिना किसी उकसावे के हमला होता है, तो तीनों देश सामूहिक प्रतिक्रिया देने के लिए बाध्य हैं।
आसिफ ने कहा कि इसमें कोई संशय नहीं होना चाहिए, यह एक संयुक्त रक्षा समझौता है और पाकिस्तान अपनी प्रतिबद्धताओं से बंधा हुआ है।
आसिफ का यह बयान ईरान-समर्थित हूती विद्रोहियों द्वारा दक्षिणी सऊदी अरब पर किए गए मिसाइल और ड्रोन हमलों की श्रृंखला के तुरंत बाद आया है। इन हमलों में सऊदी अरब के शहरों, आर्थिक संस्थानों और ऊर्जा बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया गया, जिसमें कम से कम 73 नागरिक घायल हुए।
तीनों देश देंगे जवाब
पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ने सफाई देते हुए यह भी कहा कि यह समझौता किसी अन्य देश के खिलाप आक्रामक कार्रवाई की अनुमति नहीं देता है। यह कोई आक्रामक समझौता नहीं है, लेकिन अगर किसी सदस्य पर आक्रामकता दिखाई जाती है, तो तीनों देश जवाब देंगे।
उन्होंने हूथियों को नॉन-स्टेट एक्टर्स करार देते हुए कहा कि चेतावनी दी कि वे यमन के संघर्ष को सऊदी अरब की सीमाओं में न धकेलें।
पाक पीएम ने हमलों की निंदा की
दूसरी ओर, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भी इन हमलों की निंदा की है। शरीफ ने इसे कायरतापूर्ण बताते हुए कहा कि इससे क्षेत्रीय शांति, सुरक्षा और निर्दोष नागरिकों के जीवन को खतरा पैदा हुआ है।
शहबाज शरीफ ने सऊदी अरब के साथ अटूट एकजुटता जताते हुए उसकी संप्रभुता, सुरक्षा और क्षेत्रीय अखंडता के प्रति पाकिस्तान के पूर्ण समर्थन को दोहराया।
हूतियों ने बताया जवाबी कार्रवाई
वहीं, हूती विद्रोहियों का दावा है कि उनके ये हमले उत्तर-पश्चिमी यमन में सऊदी गठबंधन द्वारा किए गए हालिया हवाई हमलों का जवाब थे। हूतियों का आरोप है कि सऊदी अरब ने अल-हज़्म स्थित एक जेल पर बमबारी की थी, जिसमें 11 लोग मारे गए थे।
हालांकि, हमलों के बाद प्रभावित स्थलों पर स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया है, लेकिन इस घटनाक्रम ने पूरे मध्य पूर्व में तनाव को एक बार फिर चरम पर पहुंचा दिया है।
