Pulwama Terror Attack: पाक ने भारत से तनाव कम करने के लिए जापान से मांगी मदद
पाकिस्तान एक तरफ भारत के साथ शांति की बात करता है। भारत के साथ तनाव कम करने के लिए दुनिया से मदद की गुहार लगा रहा है और दूसरी तरफ तनाव बढ़ाने वाली हरकतें कर रहा है।
इस्लामाबाद, प्रेट्र। पुलवामा आतंकी हमले के बाद भारत के आक्रामक तेवर से पाकिस्तानी की सारी हेकड़ी निकल गई है। भारत को हैरान कर देने वाली कार्रवाई की धमकी देने वाला पकिस्तान अब भारत के साथ तनाव कम करने के लिए गिड़गिड़ा रहा है। अब उसने जापान से भारत के साथ तनाव को कम करने में मदद की गुहार लगाई है।
विदेश मंत्री कुरेशी ने जापान की यात्रा टाली
पुलवामा हमले के बाद पैदा हुए हालात के बाद पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरेशी ने जापान की अपनी यात्रा टाल दी है। उन्होंने जापान के विदेश मंत्री तारो कोनो को फोन कर बताया कि मौजूदा हालात के चलते वह देश छोड़कर आने में असमर्थ हैं।
उन्होंने कोनो से यह भी अनुरोध किया कि वह भारत के साथ तनाव को कम करने में मदद करेंगे। कुरेशी जानते हैं कि जापान भारत का मित्र देश है। कोनो से कुरेशी ने कहा कि उन्होंने संयुक्त राष्ट्र महासचिव से भी तनाव कम करने में भूमिका निभाने का अनुरोध किया है। उनसे भी वह यही अनुरोध कर रहे हैं। कुरेशी 24-27 फरवरी के बीच जापान की यात्रा पर जाने वाले थे।
चीन से भी मदद की गुहार
कुरेशी ने सोमवार को चीन के विदेश मंत्री वांग यी को भी टेलीफोन कर उन्हें तनावपूर्ण हालात के बारे में बताया। पाक विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा है कि चीनी विदेश मंत्री ने पाकिस्तान के प्रयासों की सराहना की है। साथ ही कहा है कि तनावपूर्ण हालात का क्षेत्र की सुरक्षा और शांति पर गंभीर प्रभाव पड़ेगा।
पुलवामा में 14 फरवरी को आत्मघाती आतंकी ने विस्फोट से भरी गाड़ी को सीआरपीएफ के काफिले में टकरा दिया था। जिसमें 40 जवान शहीद हो गए थे। पाकिस्तानी आतंकी संगठन जैश ए मुहम्मद ने हमले की जिम्मेदारी ली थी। तब से भारत-पाक के बीच तनाव बढ़ गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हमले का बदला लेने के लिए सेना को पूरी छूट देने के एलान ने पाकिस्तान की हालत पतली कर दी है।
हरकतों से बाज नहीं आ रहा पाकिस्तान
पाकिस्तान एक तरफ भारत के साथ शांति की बात करता है। भारत के साथ तनाव कम करने के लिए दुनिया से मदद की गुहार लगा रहा है और दूसरी तरफ तनाव बढ़ाने वाली हरकतें कर रहा है। पाकिस्तान की सीनेट या संसद के उच्च सदन ने सोमवार को सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित कर पुलवामा आतंकी हमले के बाद भारत की ओर से धमकी दिये जाने का आरोप लगाते हुए इसकी निंदा की। पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज के रजा जफर-उल-हक ने प्रस्ताव पेश किया, जिसमें हमले की जांच में भारत को सहायता देने की पेशकश के इमरान खान सरकार के रुख की सराहना की गयी है।