AI पहेली सुलझाने चले थे पाक रक्षा मंत्री, स्मार्टवॉच ने करा दी किरकिरी; सोशल मीडिया पर जमकर हुए ट्रोल
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ सोशल मीडिया पर एक एआई तस्वीर पर प्रतिक्रिया देने के बाद ट्रोल हो गए।

पाकिस्तान के रक्षा मंत्री सोशल मीडिया पर हुए ट्रोल

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, इस्लामाबाद। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ सोशल मीडिया पर एक तस्वीर पर प्रतिक्रया देकर सोशल मीडिया जमकर ट्रोल हो रहे हैं।
13 अक्तूबर को शेयर की गई एक वायरल पोस्ट ने लोगों का खूब ध्यान खींचा, जिसमें हॉलीवुड की मशहूर एक्ट्रेस मर्लिन मुनरो 1950 के दशक के लिबास में, पुरानी विंटेज कारों और एक वैले के साथ पुराने होटल के बाहर खड़ी नजर आ रही थीं।
ख्वाजा आसिफ ने रीपोस्ट किया
इस पोस्ट में यूजर्स से तस्वीर में मौजूद उस एक चीज को पहचानने के लिए कहा गया था जो 1950 के दशक के अनुकूल नहीं था। ख्वाजा आसिफ ने इस तस्वीर को रीपोस्ट करते हुए लिखा, वॉच (घड़ी)।
उन्होंने मुनरो की कलाई पर बंधी आधुनिक स्मार्टवॉच को बिल्कुल सही पहचान लिया था और साथ में एक मुस्कुराता हुआ इमोजी भी जोड़ा था। उन्होंने यह पोस्ट मंगलवार रात 11:04 बजे की थी।
सोशल मीडिया पर हुए ट्रोल
हालांकि, पाकिस्तान के रक्षा मंत्री का इस तरह की एआई पहेली में उलझना देश के आम नागरिकों और सोशल मीडिया यूजर्स को रास नहीं आया। कई लोगों ने तीखे सवाल उठाए कि जिस देश में जनता आर्थिक तंगी, आंतरिक सुरक्षा के संकट और विद्रोह जैसी गंभीर चुनौतियों से जूझ रही हो, वहां के रक्षा मंत्री का ध्यान हॉलीवुड अभिनेत्री की तस्वीर पर कैसे जा सकता है।
बढ़ते मजाक और आलोचनाओं के बाद ख्वाजा आसिफ ने अपनी यह पोस्ट डिलीट कर दी, लेकिन तब तक इसके स्क्रीनशॉट और कोट-ट्वीट सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके थे।
इस घटना के बाद एक्स पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। हसन नाम के एक वेरिफाइड यूजर ने तंज कसते हुए लिखा, देवियों और सज्जनों, पेश हैं इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ पाकिस्तान के रक्षा मंत्री। वहीं, अफगान राजनीतिक विश्लेषक बुरहानुद्दीन ने कड़े शब्दों में लिखा, ख्वाजा! रात में इतनी जल्दी शराब पीना बंद करो। तुम पूरी दुनिया के सामने पाकिस्तान को शर्मिंदा कर रहे हो!
फातिमा नाम की एक अन्य यूज़र ने चुटकी लेते हुए कहा, अगर आपको कभी लगे कि आप अपनी नौकरी के लायक नहीं हैं, तो याद कर लें कि देश के रक्षा मंत्री एआई तस्वीर का रणनीतिक विश्लेषण कर रहे हैं।
