स्वतंत्रता दिवस पर पाक की मानवीय पहल, रिहा किए 30 भारतीय कैदी
भारत की ओर से पाकिस्तान को जनवरी में 250 नागरिकों व 94 मछुआरों की एक सूची सौंपी गई थी।
इस्लामाबाद (एएनआइ)। पाकिस्तान ने अपने 72वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मानवीय पहल करते हुए 30 भारतीय कैदियों को रिहा करने का ऐलान किया है। इन कैदियों में 27 मछुआरे शामिल हैं। सरकार ने 30 भारतीय कैदियों को सोमवार को रिहा करने का निर्णय लिया है।
मछुआरों को वाघा सीमा पर भारतीय सीमा अधिकारियों के हवाले कर दिया जाएगा। इस संबंध में पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय बयान जारी कर यह जानकारी दी। बयान में यह भी कहा कि भारत की ओर से भी इसी तरीके से जवाब दिए जाने कि उम्मीद है।
उल्लेखनीय है कि भारत ने जनवरी में पाकिस्तान को 250 नागरिकों व 94 मछुआरों की एक सूची दी थी। वहीं पाकिस्तान ने अपनी गिरफ्त में मौजूद 58 नागरिकों और 399 मछुआरों की सूची साझा की थी। कैदियों की रिहाई को लेकर हुआ यह समझौता विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और पाकिस्तानी उच्चायोग सोहेल महमूद के बीच वर्ष 2017 में हुई बातचीत का नतीजा है।
पाकिस्तान में 14 अगस्त को 72वां स्वतंत्रता दिवस मनाया जाएगा। पूरे देश में इसकी तैयारी जोर-शोर से की जा रही है। बीते 30 जुलाई को भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तान में नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री इमरान खान को फोन कर चुनाव में जीत की बधाई दी और कहा कि दोनों देश मिलकर संयुक्त रणनीति बनाएंगे ताकि इनके बीच संबंध मजबूत होने के साथ विकसित हों।