पाक में सरकारी वेबसाइट से असीम बाजवा के बेटों की फर्मों की जानकारी हटी, भ्रष्टाचार पर घिरी सरकार
पाकिस्तान में आर्थिक मामलों की नियामक संस्था द सिक्युरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन ने असीम बाजवा के बेटों की पांच कंपनियों की जानकारियां अपनी वेबसाइट से हटा दी हैं।
इस्लामाबाद, एएनआइ। पाकिस्तान में आर्थिक मामलों की नियामक संस्था 'द सिक्युरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन' ने सीपीईसी के चेयरमैन रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल असीम बाजवा के बेटों की पांच कंपनियों की जानकारियां अपनी वेबसाइट से हटा दी हैं। अब बाजवा के भाइयों की एक कंपनी की जानकारी वेबसाइट पर उपलब्ध है। बाजवा के सेना में कार्यकाल के दौरान उनकी देश-विदेश में बढ़ी संपत्तियों की जानकारी हाल ही में सार्वजनिक हुई है। इसके बाद से बाजवा लोगों के निशाने पर आ गए हैं। चर्चाओं की तपिश के बीच बाजवा ने इसी महीने के शुरू में प्रधानमंत्री इमरान खान के विशेष सलाहकार के ओहदे से इस्तीफा दिया। यह ओहदा देश के मंत्री के बराबर का था।
माना जा रहा है कि चाइना-पाकिस्तान इकोनोमिक कॉरीडोर (सीपीईसी) के चेयरमैन के रूप में पाकिस्तान के हितों की बलि चढ़ाकर भी बाजवा ने लाभ अर्जित किया है। उनके तीन बेटों- मुहम्मद सलीम बाजवा, ईशा सलीम बाजवा और अजीब सलीम बाजवा की पांच कंपनियों की जानकारियां नियामक संस्था की वेबसाइट पर थीं। बाजवा और उनके परिवार की संपत्तियों की जानकारी 27 अगस्त को सार्वजनिक हुई थी। इसके दो सप्ताह बाद तक बाजवा के बेटों की कंपनियों की जानकारियां सरकारी वेबसाइट पर बनी रहीं लेकिन जब चर्चा तेज हुई तो उन्हें हटा दिया गया। संस्था के चेयरमैन आमिर खान ने इस पर कोई टिप्पणी करने से इन्कार कर दिया।
इससे पहले फैक्टफोकस नाम की वेबसाइट ने बाजवा पर तैयार अपनी स्टोरी में नियामक संस्था की वेबसाइट पर उनके बेटों की कंपनियों से संबंधित उपलब्ध सूचनाओं की फोटो कॉपी का इस्तेमाल किया था। जब स्टोरी सार्वजनिक हुई तो उसे पढ़ने वालों ने नियामक संस्था की वेबसाइट पर जाकर उसकी पुष्टि करनी शुरू की। इससे बाजवा और सरकार की और छीछालेदर होने लगी। इसी के बाद जानकारियों को वेबसाइट से हटाने का फैसला किया गया। फैक्टफोकस की स्टोरी के अनुसार बाजवा के परिवार की चार देशों में 99 कंपनियां चल रही हैं। इनके अतिरिक्त देश-विदेश में अरबों रुपये की चल-अचल संपत्तियां हैं।