तीन महीने बाद बेसुध मिला पाकिस्तान में अपहृत सिख युवक, चार आरोपितों को किया गया गिरफ्तार
20 वर्षीय अविनाश सिंह को पेशावर कैंटोनमेंट के गुलबर्ग इलाके से 28 फरवरी को अपहृत किया गया था। वह शुक्रवार को कोहाट जिले के लाची तहसील के पास एक गांव में पाया गया। गंभीर अवस्था में उसे पेशावर स्थित लेडी रीडिंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पेशावर, प्रेट्र। पाकिस्तान में अपने घर से अगवा किया गया सिख युवक तीन महीने बाद देश के उत्तर पश्चिम स्थित खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के एक गांव में पाया गया। अपहर्ताओं ने पीट-पीटकर उसकी बुरी हालत कर दी है। मामले में नामजद एक महिला समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
20 वर्षीय अविनाश सिंह को पेशावर कैंटोनमेंट के गुलबर्ग इलाके से 28 फरवरी को अपहृत किया गया था। वह शुक्रवार को कोहाट जिले के लाची तहसील के पास एक गांव में पाया गया। गंभीर अवस्था में उसे पेशावर स्थित लेडी रीडिंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिवार का कहना है कि अपहर्ताओं की पिटाई से युवक बेसुध हो चुका है।
पिछले महीने सिख समुदाय के लोगों ने पेशावर शहर में प्रदर्शन कर खैबर पख्तूनख्वा सरकार से अपहृत युवक को मुक्त कराने की मांग की थी। सिख नेता सरदार परविंदर सिंह ने कहा था कि युवक काफी पढ़ालिखा है और उसके परिवार की किसी से भी दुश्मनी नहीं है। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। उनका कहना था कि युवक को असामाजिक तत्वों ने अगवा किया है।