इंडोनेशियाई राष्ट्रपति जोको विडोडो आसियान समिट के बाद दो दिवसीय दौरे पर पाकिस्तान गए
जोको विडोडो पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहिद खक्कान अब्बासी के साथ वन-ऑन-वन मुलाकात करेंगे।
इस्लामाबाद (एएनआई)। इंडोनेशियन राष्ट्रपति जोको विडोडो शुक्रवार को एक आधिकारिक दौरे पर पाकिस्तान पहुंचे। बता दें कि इससे पहले वे आसियान-इंडिया समिट में भाग लेने के लिए भारत के 69वें गणतंत्र दिवस पर नई दिल्ली आए थे जहां से सीधे वे पाकिस्तान दौरे पर निकल गए।
उनके साथ उनकी पत्नी इरियाना जोको विडोडो भी दो दिवसीय पाक दौरे पर गईं। पाकिस्तान पहुंचने पर विडोडो को 21 बंदूकों की सलामी दी गई। बताया जाता है कि वे वहां आज संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करेंगे। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि, जोको विडोडो दूसरे इंडोनेशियाई राष्ट्रपति हैं जो संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करने जा रहे हैं।
इससे पहले इंडोनेशिया के राष्ट्रपति डॉ अहमद सोइकरनो ने 26 जून 1963 को पाकिस्तान की राष्ट्रीय सभा को संबोधित किया था। रिपोर्ट के मुताबिक, जोको विडोडो पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहिद खक्कान अब्बासी के साथ वन-ऑन-वन मुलाकात करेंगे। ये मुलाकात शनिवार को दोनों देशों के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के बाद होगा।
इस दौरान दोनों देशों के शीर्ष नेता कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के समझौतों पर बातचीत करेंगे। बता दें कि इंडोनेशिया पाकिस्तान के साथ आठवां सबसे बड़ा व्यापार सहयोगी राष्ट्र है और आसियान राष्ट्रों में पाकिस्तान का सबसे बड़ा व्यापार सहयोगी राष्ट्र है।
यह भी पढ़ें : ट्रंप के साथ अपने अफेयर के खबरों की निक्की हेली ने की कड़ी निंदा