Stranded Indian in Pakistan: वतन लौटेंगे 114 भारतीय नागरिक, कोविड-19 के कारण पाक में रहने को मजबूर
कोविड-19 के कारण पाकिस्तान में फंसे 114 भारतीय नागरिक 9 जुलाई को वापस अपने देश लौट जाएंगे।
इस्लामाबाद, एएनआइ। पाकिस्तान सरकार ने सोमवार को एक बयान जारी कर बताया कि लॉकडाउन के कारण वहां फंसे 100 से अधिक भारतीय नागरिकों को वापस अपने देश भेज दिया जाएगा। इनकी वतन वापसी के लिए 9 जुलाई की तारीख निश्चित की गई है।
पिछले माह 25 जून, 26 जून, 27 जून को तीन बैच में वहां फंसे 700 से अधिक भारतीय नागरिकों को वापस भेजा गया। अनिवार्य स्वास्थ्य सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत इन्हें वापस भेजा गया है। अधिकतर भारतीय नागरिक पाकिस्तान में अपने रिश्तेदारों से मिलने गए थे तभी लॉकडाउन शुरू हो गया और वे वापस लौट न सके।
दरअसल, चीन से शुरू नॉवेल कोरोना वायरस के कारण फैली कोविड-19 महामारी के संक्रमण को रोकने के लिए दुनिया भर में यात्रा प्रतिबंध लागू किया गया था जो अब कुछ शर्तों के साथ खत्म कर दिया गया है। इस क्रम में पाकिस्तान में फंसे 114 भारतीय नागरिकों की वापसी अटारी सीमा के जरिए आज से तीन दिन बाद होगी।
कोविड-19 को विश्व स्वास्थ्य संगठन ने मार्च में महामारी बताया था जिसके बाद तुरंत दुनिया में लॉकडाउन और यात्रा प्रतिबंध की शुरुआत हो गई। कई विदेशी नागरिकों के वीजा रद किए गए। अमेरिका ने तो 26 यूरोपीय देशों पर यात्रा प्रतिबंध लगा दिया। लेकिन उस वक्त अमेरिका ने ब्रिटेन व आयरलैंड से आने वाले पर्यटकों को छूट दे दी। लेकिन देश में प्रवेश के दौरान स्क्रीनिंग के इंतजाम अनिवार्य कर दिए। ऑस्ट्रेलिया ने भी देश में यात्रा प्रतिबंध लागू किया। ऑस्ट्रेलिया ने शर्त रखी कि पिछले 14 दिनों के दौरान चीन की यात्रा करने वालों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।