पाकिस्तान में एससीओ के नेशनल कोऑर्डिनेटर की बैठक शुरू, भारत भी ले रहा हिस्सा
शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के नेशनल कोआर्डिनेटर्स की तीन दिवसीय बैठक इस्लामाबाद में शुरू हुई, जिसमें भारत भी हिस्सा ले रहा है।

इस्लामाबाद में एससीओ नेशनल कोआर्डिनेटर्स की तीन दिवसीय बैठक हुई

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, इस्लामाबाद। शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के नेशनल कोआर्डिनेटर्स की तीन दिवसीय बैठक सोमवार को इस्लामाबाद में शुरू हुई। भारत भी इसमें शामिल हो रहा है। यह बैठक अगले वर्ष अगस्त में होने वाले काउंसिल आफ हेड्स आफ स्टेट शिखर सम्मेलन की तैयारी के लिए हो रही है।
एससीओ में रूस, भारत, ईरान, कजाखस्तान, किर्गिस्तान, पाकिस्तान, ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान, बेलारूस और चीन शामिल हैं।इस बैठक में भारत के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व नेशनल कोआर्डिनेटर आलोक डिमरी कर रहे हैं। पिछले वर्ष दोनों देशों के बीच हुए संघर्ष के बाद यह ऐसी पहली यात्रा है।
पाकिस्तान के नेशनल कोआर्डिनेटर मोहम्मद फैसल बैठक की अध्यक्षता कर रहे हैं। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने 15-16 अक्टूबर, 2024 को एससीओ काउंसिल आफ हेड्स आफ गवर्नमेंट की बैठक के लिए इस्लामाबाद में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया था।
पाकिस्तान के विदेश मंत्री ने इससे पहले एक बयान में कहा था कि 28 से 30 सितंबर तक चलने वाली इस बैठक में एससीओ सहयोग और समन्वय से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा होगी।
इसमें पाकिस्तान की अध्यक्षता में गतिविधियों के कार्यक्रम, आगामी एससीओ बैठकों व कार्यक्रमों की तैयारी और संगठन के एजेंडे में शामिल अन्य मामले शामिल हैं।
पाकिस्तान के विदेश कार्यालय के अनुसार पाकिस्तान, विजन को एक्शन में बदलना: संपर्क, नवाचार और साझा समृद्धि थीम के तहत संगठन के लक्ष्यों को आगे बढ़ाने की कोशिश करेगा।
इस संबंध में पाकिस्तान की अध्यक्षता का फोकस बेहतर संपर्क को बढ़ावा देने, नवाचार को बढ़ावा देने, आर्थिक सहयोग बढ़ाने और लोगों के बीच संपर्क मजबूत करने पर होगा। उद्देश्य सदस्य देशों के साझा विजन को व्यावहारिक और आपसी फायदे वाली पहलों में बदलना होगा।
(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
