'हमारे पिता को धीरे-धीरे मारा जा रहा है', इमरान खान के बेटे बोले- उनसे व्यक्तिगत बदला ले रहे हैं आसिम मुनीर
जेल में बंद पूर्व पाकिस्तान प्रधानमंत्री इमरान खान के बेटों ने आर्मी चीफ आसिम मुनीर पर अपने पिता के खिलाफ व्यक्तिगत बदला लेने का आरोप लगाया है।

इमरान खान के बेटों ने पाकिस्तान आर्मी चीफ आसिम मुनीर पर व्यक्तिगत बदले का आरोप लगाया (फोटो- रॉयटर)
HighLights
इमरान के बेटे बोले उनके पिता की स्थिति मानसिक और शारीरिक यातना के समान है
उन्होंने कहा कि इमरान खान प्रधानमंत्री रहते हुए मुनीर को डिमोट कर चुके थे
डिजिटल डेस्क, इस्लामाबाद। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान कई सालों से पाकिस्तान के जेल में बंद हैं, तमाम कोशिशों के बावजूद वह जेल से बाहर नहीं सके हैं। वहीं, अब इमरान खान के बेटों ने पाकिस्तान के आर्मी चीफ आसिम मुनीर पर बड़े आरोप लगाए हैं।
जेल में बंद पूर्व पाकिस्तान प्रधानमंत्री इमरान खान के बेटों ने आर्मी चीफ आसिम मुनीर पर अपने पिता के खिलाफ व्यक्तिगत बदला लेने का आरोप लगाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जेल में उनके पिता की स्थिति मानसिक और शारीरिक यातना के समान है।
कासिम खान (27) और सुलैमान खान (29) ने ब्रिटिश अखबार द गार्जियन से बातचीत में कहा कि वे अपने 73 वर्षीय पिता की सेहत को लेकर बेहद चिंतित हैं। इमरान खान 2023 में गिरफ्तारी के बाद से रावलपिंडी की आदियाल जेल में बंद हैं और भ्रष्टाचार के एक मामले में 14 साल की सजा काट रहे हैं।
बेटों का कहना है कि उन्हें पिछले छह महीने से ज्यादा समय से अपने पिता से बात करने की अनुमति नहीं दी गई है। ब्रिटेन से पाकिस्तान आने के लिए वीजा भी नहीं मिला, जबकि उन्होंने नौ महीने पहले आवेदन किया था।
जेल की हालत और स्वास्थ्य संबंधी आरोप
सुलैमान खान ने आरोप लगाया कि उनके पिता को मानव संपर्क, नई किताबें, परिवार से मिलने और स्वतंत्र डॉक्टर से जांच की अनुमति नहीं दी जा रही।
उन्होंने कहा कि इमरान खान एक छोटी सी 6x8 फीट की कोठरी में अकेले बंद हैं। आंख की समस्या को महीनों तक नजरअंदाज किया गया, जिससे एक आंख की दृष्टि लगभग चली गई है। परिवार को बताया गया है कि उन्हें हाई ब्लड प्रेशर भी है।
कासिम खान ने कह कि हमारा मानना है कि उन्हें जेल में धीरे-धीरे मारा जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय दबाव कम होते ही और कड़ी पाबंदियां लगाई जाएंगी।
आसिम मुनीर पर व्यक्तिगत दुश्मनी का आरोप
सुलैमान ने कहा कि यह साफ है कि यह व्यक्तिगत दुश्मनी से प्रेरित है और आसिम मुनीर के आदेश पर इतनी कठोर ट्रीटमेंट दी जा रही है।
इमरान खान प्रधानमंत्री रहते हुए मुनीर को डिमोट कर चुके थे। मुनीर 2022 में आर्मी चीफ बने थे, जिसके बाद इमरान खान और सैन्य प्रतिष्ठान के बीच तनाव बढ़ा।
