पाकिस्तान में वरिष्ठ पत्रकार पर किया गया जानलेवा हमला, गोली मारकर घायल किया
राजधानी इस्लामाबाद में एक ताजा दुखद घटना में वरिष्ठ पत्रकार और पाकिस्तान इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्राधिकरण (पीईएमआरए) के पूर्व अध्यक्ष अबसर आलम को अज्ञात हमलावरों द्वारा दिन में गोली मार दी गई। वह इस घटना में बुरी तरह घायल हो गए।
इस्लामाबाद, रायटर। पाकिस्तान में सेना के सत्ता में दखल के विरोधी पत्रकार अबसर आलम (50) को गोली मारकर घायल कर दिया गया है। हमलावर की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पत्रकार आलम पर हमला राजधानी इस्लामाबाद के एक पार्क में हुआ, जहां वह टहलने गए थे। वह नवाज शरीफ के सत्ताकाल में करीब दो साल पाकिस्तान इलेक्ट्रॉनिक मीडिया रेग्यूलेटरी अथॉरिटी के चेयरमैन रहे थे। बाद में भ्रष्टाचार से जुड़े मामले में पाकिस्तान की एक अदालत ने उन्हें हटाने का आदेश दिया था। आलम ने इसके लिए सेना पर साजिश रचने का आरोप लगाया था।
पुलिस के अनुसार आलम की पसलियों में गोली लगी है और अब वह खतरे से बाहर हैं। गोली लगने के बाद दिए बयान में आलम ने कहा, उन्होंने कभी भी अपना हौसला नहीं खोया और न ही भविष्य में हौसला खोएंगे। वह इसी तरह से अपनी आवाज उठाते रहेंगे। उल्लेखनीय है कि 2018 में इमरान खान के सत्ता संभालने के बाद से पाकिस्तान में पत्रकारों पर हमले बढ़े हैं और उनका काम करना मुश्किल हुआ है।