Coronavirus in Pakistan: 61 हजार से ज्यादा मामलों की पुष्टि, 1200 से अधिक की मौत
पाकिस्तान में कोरोना वायरस (COVID-19)के 2076 नए मामले सामने आने के बाद गुरुवार को संक्रमित मरीजों की संख्या 61227 हो गई है।
इस्लामाबाद, एएनआइ/पीटीआइ। पाकिस्तान में कोरोना वायरस (COVID-19)के 2,076 नए मामले सामने आने के बाद गुरुवार को संक्रमित मरीजों की संख्या 61,227 हो गई है। देश के स्वास्थ्य मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी है। देश में अब तक 1,240 लोगों की मौत हो गई है।
समाचार एजेंसी एएनआइ के अनुसार कुल सामने आए मामलों में से, 24,206 मामले सिंध में, पंजाब में 22,037, खैबर-पख्तूनख्वा में 8,483, बलूचिस्तान में 3,616, इस्लामाबाद में 2,015, गिलगित-बाल्टिस्तान में 651 और गुलाम कश्मीर (PoK) में 219 मामले सामने आए हैं। पाकिस्तान में 20,231 लोग संक्रमण से उबर चुके हैं। इसके अलावा, अब तक 508,086 टेस्ट किए गए हैं।
खुला है यूनाइटेड किंगडम प्रेषण केंद्र
इससे पहले आज, पाकिस्तान में ब्रिटिश उच्चायुक्त क्रिश्चियन टर्नर ने कहा कि देश में शारीरिक दूरी के नियमों के बावजूद, यूनाइटेड किंगडम प्रेषण केंद्र खुला है, ताकि लोग अपने प्रियजनों को देश में पैसा भेजना जारी रख सकें। टर्नर ने कहा, ' हमें इस बात की खुशी है कि शारीरिक दूरी के उपायों के कारण दोनों देश और करीब आ रहे हैं। समाचार एजेंसी एएनआइ ने जियो न्यूज के हवाले से इसकी जानकारी दी है।'
दुनियाभर में कोरोना के 57 लाख से अधिक केस
समाचार एजेंसी रायटर्स के अनुसार दुनियाभर में कोरोना के 57 लाख से अधिक केस सामने आ गए हैं। वहीं मरने वालों की संख्या तीन लाख 54 हजार से ज्यादा हो गई है। यूरोप में कोरोना 19 लाख से ज्यादा मामलों की पुष्टि हो गई है। वहीं एक लाख 70 हजार लोग संक्रमण से जान गंवा चुके हैं। अगर देश की बात करें तो अमेरिका कोरोना वायरस संक्रमण से सबसे ज्यादा प्रभावित रहा है। यहां 17 लाख से ज्यादा मामलों की पुष्टि हो गई है और एक लाख से अधिक लोगों की मृत्यु हो गई है। ब्राजील इस मामले में दूसरे नंबर पर यहां 4 लाख से ज्यादा केस सामने आए हैं और 25 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है।