बलूच आजादी समर्थक नेता ने डोनाल्ड ट्रंप के नाम पत्र लिख कर कही ये बड़ी बात
बलूच नेता ने पत्र में लिखा कि हम बलूच सात दशकों से पाकिस्तान के चाकुओं और क्लाशिनकोव से लैस सरकारी आतंकवाद का प्रतिरोध कर रहे हैं।
बलूचिस्तान, एएनआइ। बलूच स्वतंत्रता समर्थक नेता अल्लाह निजर बलूच ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नाम खुला पत्र लिखकर कहा है कि न तो जार्ज वाशिंगटन आतंकी थे और न ही बलूच हैं। बलूच नेता ने लिखा है, 'कल्पना कीजिए कि यदि 1776 में फ्रांस और अन्य यूरोपीय शक्तियों ने जार्ज वाशिंगटन एवं अन्य को आतंकी करार दिया होता और दबाने के लिए ब्रिटेन के साथ हाथ मिलाया होता तो क्या आज अमेरिका जो है वह बन सका होता? अमेरिका लोकतंत्र और प्रगति का प्रतीक बनने की जगह अभी तक उपनिवेश बना रहता।'
'हम बलूच सात दशकों से पाकिस्तान के चाकुओं और क्लाशिनकोव से लैस सरकारी आतंकवाद का प्रतिरोध कर रहे हैं। अमेरिकी सैन्य सहायता के कारण अत्यंत आधुनिक हथियारों से लैस पाकिस्तानी सेना ने हजारों बलूचों का अपहरण किया है, प्रताडि़त और हत्या की है। उन्होंने हमारे मृत लोगों के अंगों का व्यापार किया है, हमारी महिलाओं के साथ दुष्कर्म किया है और हमारे गांव जलाए हैं।' उन्होंने बलूच समुदाय का समर्थन नहीं करने के लिए धर्मनिरपेक्ष और उदार दुनिया की आलोचना की है।