पाकिस्तान में आतंकी हाफिज सईद के संगठन जमात-उद-दावा के मदरसों में प्रशासक तैनात
पाकिस्तान में पंजाब सरकार ने 150 मदरसों में प्रशासक नियुक्त किए हैं। इनमें से ज्यादातर मदरसे मुंबई हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद के संगठन जमात-उद-दावा (जेयूडी) से संबंधित हैं।
लाहौर, प्रेट्र। पाकिस्तान में पंजाब सरकार ने 150 मदरसों में प्रशासक नियुक्त किए हैं। इनमें से ज्यादातर मदरसे मुंबई हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद के संगठन जमात-उद-दावा (जेयूडी) से संबंधित हैं। जेयूडी के नेटवर्क में कुल 300 मदरसे, स्कूल, अस्पताल, एक प्रकाशन और एंबुलेंस सेवा शामिल हैं।
यह संगठन अपनी आतंकी गतिविधियों पर पर्दा डालने और दुनिया की आंखों में धूल झोंकने के लिए स्कूल, अस्पताल और एंबुलेंस सेवा का इस्तेमाल करता है। जेयूडी और उसकी तथाकथित समाजसेवी शाखा फलाह-ए-इंसानियत फाउंडेशन में 50000 के करीब कार्यकर्ता हैं।
इनमें से सैकड़ों लोगों को तनख्वाह भी दी जाती है। मार्च 2019 में पंजाब सरकार ने जेयूडी से संबधित 180 मदरसों, दो कालेजों, चार अस्पतालों और 178 एंबुलेंस का नियंत्रण अपने हाथ में ले लिया था। पंजाब सरकार ने गुरुवार को बताया कि करीब 150 मदरसों में प्रशासक तैनात किए गए हैं, जो शिक्षा विभाग के ग्रेड-17 के अधिकारी हैं।
जेयूडी दरअसल आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा का मुखौटा संगठन है। इसके पहले पंजाब सरकार पुलवामा हमले के लिए जिम्मेदार आतंकी संगठन जैश-ए-मुहम्मद के मुख्यालय में स्थित एक मदरसे और मस्जिद में प्रशासक नियुक्त कर चुकी है। पिछले दिनों यह खबर आई थी कि संयुक्त राष्ट्र से घोषित आतंकी और मुंबई हमले के मुख्य साजिशकर्ता हाफिज सईद लाहौर की कोट लखपत जेल से ही अपने प्रतिबंधित संगठन जमात-उद-दावा का संचालन कर रहा है।
जानिए, कौन है हाफिज सईद
ज्ञात हो कि हाफिज सईद आतंकी संगठन लश्कर ए तैयबा के संस्थापकों में से एक है। पाकिस्तान में जमात उद दावा नामक संगठन चलाता है। 2008 में मुंबई हमले का सूत्रधार रहा, जिसमें 164 लोग मारे गए। इसी हमले के बाद अमेरिका ने इसके सिर पर एक करोड़ डॉलर का इनाम घोषित कर रखा है। 2006 में मुंबई ट्रेन धमाकों में भी इसका हाथ रहा। भारत सहित अमेरिका, ब्रिटेन, यूरोपीय संघ, रूस और ऑस्ट्रेलिया ने इसके दोनों संगठनों को प्रतिबंधित कर रखा है।