पाकिस्तान में लोन एप के जरिए लोगों को ब्लैकमेल करने के आरोप में 40 गिरफ्तार, AI का करते थे इस्तेमाल
पाकिस्तान की एंटी साइबर-क्राइम एजेंसी ने पंजाब प्रांत में एक फर्जी कॉल सेंटर पर छापा मारकर 40 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है।

ब्लैकमेल करने के आरोप में 40 गिरफ्तार। (यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है)
HighLights
पाकिस्तान में फर्जी कॉल सेंटर पर एंटी साइबर-क्राइम एजेंसी का छापा।
AI का उपयोग कर लोन न चुकाने वालों की अश्लील तस्वीरें बनाईं।
लाहौर से 40 संदिग्ध गिरफ्तार, ब्लैकमेलिंग रैकेट का खुलासा हुआ।
डिजिटल डेस्क, लाहौर। पाकिस्तान की एंटी साइबर-क्राइम एजेंसी ने पंजाब प्रांत में एक फर्जी कॉल सेंटर पर छापा मारकर 40 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। कॉल सेंटर में एआई का इस्तेमाल करके उन लोगों की अश्लील तस्वीरें बनाई जा रही थीं, जो लोन नहीं चुका पाए थे।
नेशनल साइबर क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी के एडिशनल डायरेक्टर आतिफ अमीर ने बताया कि लाहौर की जीसीपी हाउसिंग सोसाइटी में चल रहे इस कॉल सेंटर से कई इंस्टेंट लोन एप - गुरबत फंड, जहेज फंड, कैश एयर, क्रेडिट चेक और क्रेडिट सपोर्ट चलाए जा रहे थे।
अधिकारी के मुताबिक, जब ये एप लोगों के मोबाइल पर इंस्टाल किए जाते थे, तो ये उधार लेने वालों की फोटो गैलरी और कॉन्टैक्ट लिस्ट का एक्सेस ले लेते थे। अगर उधार लेने वाले समय पर लोन नहीं चुका पाते थे, तो कॉल सेंटर के कर्मचारी एआई टूल का इस्तेमाल करके उनकी तस्वीरों में बदलाव करते थे और उन्हें अश्लील तस्वीरों में बदल देते थे।
इसके बाद पीड़ितों को धमकी दी जाती थी कि अगर उन्होंने तुरंत पेमेंट नहीं किया, तो ये तस्वीरें उनके परिवार के सदस्यों को भेज दी जाएंगी।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
