अमेरिकी ठिकानों पर हमले के लिए ईरान को रूस दे रहा शाहेद ड्रोन? युद्ध के बीच जेलेंस्की का दावा
यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने दावा किया है कि रूस ईरान को शाहेद ड्रोन की सप्लाई कर रहा है, जिनका इस्तेमाल अमेरिका और इजरायल के खिलाफ हो रहा है।

युद्ध के बीच जेलेंस्की का दावा। (रॉयटर्स)
HighLights
जेलेंस्की ने रूस पर ईरान को शाहेद ड्रोन देने का आरोप लगाया।
ड्रोन का उपयोग अमेरिकी और इजरायली ठिकानों पर हमलों में।
रूस ईरान को मिसाइल, एयर डिफेंस में भी मदद कर रहा।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने शनिवार को दावा किया कि रूस ईरान को शाहेद ड्रोन की सप्लाई कर रहा है, जिसका इस्तेमाल अमेरिका और इजरायल के खिलाफ किया जा रहा है।
CNN को दिए एक इंटरव्यू में जेलेंस्की ने कहा कि यह 100 फीसदी सच है कि ईरान ने अमेरिकी ठिकानों पर हमलों के लिए रूस में बने शाहेद ड्रोन का इस्तेमाल किया है।
शाहिद ड्रोन का नाम मिडिल ईस्ट में हुए कई हमलों से जुड़ा है, हालांकि इन हमलों में इस्तेमाल किए गए कुछ ड्रोन के असली निर्माता की पहचान हमेशा पक्की नहीं हो पाई है। इस हफ्ते की शुरुआत में, जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में भी इसी तरह के दावे किए थे।
उन्होंने कहा था कि रूस ने ड्रोन के जरिए ईरानी शासन की मदद करना शुरू कर दिया है। वह निश्चित रूप से मिसाइलों के मामले में भी मदद करेगा, और वह उन्हें एयर डिफेंस में भी मदद कर रहा है।
मॉस्को ने खुफिया जानकारी शेयर करने से किया इनकार
हालांकि, उन्होंने इस मदद के बारे में कोई खास जानकारी नहीं दी। रूस ने अपने सैटेलाइट नेटवर्क से मिली तस्वीरें भी ईरान के साथ शेयर की हैं। CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, यह अभी साफ नहीं है कि मॉस्को को इस मदद के बदले में क्या मिल रहा है। हालांकि, मॉस्को ने पहले ईरान के साथ खुफिया जानकारी शेयर करने की बात से इनकार किया था।
शाहेद-136 ड्रोन क्या हैं?
शाहेद-136 ड्रोन एक 'लोइटरिंग म्यूनिशन' है, जिसे असल में ईरान ने पारंपरिक मिसाइलों के एक सस्ते विकल्प के तौर पर बनाया था। डेल्टा-विंग वाली बनावट के साथ डिजाइन किया गया यह ड्रोन, किसी लक्ष्य तक पहुंचने से पहले लंबी दूरी तय कर सकता है। लक्ष्य के पास पहुंचने पर यह उस पर सीधे नीचे की ओर गोता लगाता है और अपने साथ ले जा रहा विस्फोटक पेलोड फोड़ देता है।
