विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ट्रंप के साथ तनातनी के बीच अमेरिकी दूत से मिले जेलेंस्की, रूस के यूक्रेन पर हमले जारी

Published: Tue, 20 Oct 2026 11:19 PM (IST)

रूस ने यूक्रेन के रिहायशी इलाकों और सैन्य ठिकानों पर मिसाइल व ड्रोन हमले जारी रखे, जिनमें चार लोगों की ...और पढ़ें

ट्रंप के साथ तनातनी के बीच अमेरिकी दूत से मिले जेलेंस्की। (रॉयटर्स)

ट्रंप के साथ तनातनी के बीच अमेरिकी दूत से मिले जेलेंस्की। (रॉयटर्स)

HighLights

  1. रूस ने यूक्रेन पर मिसाइल और ड्रोन से भीषण हमले किए।

  2. जेलेंस्की ने नार्वे में अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ से मुलाकात की।

  3. ट्रंप के बयानों से अमेरिका-यूक्रेन संबंधों में अनिश्चितता बढ़ी।

डिजिटल डेस्क, कीव। अमेरिका के साथ बढ़ते तनाव के बीच यूक्रेन पर रूस के मिसाइल और ड्रोन हमले जारी हैं। रूस ने यूक्रेन के रिहायशी इलाकों पर फिर मिसाइलों और ड्रोन से भीषण हमले किए, जिनमें चार लोगों के मारे जाने की खबर है। रूस ने यूक्रेन में तीन कार्गो जहाजों और दो लाजिस्टिक हब पर भी हमला किया है।

रूसी सेना ने बताया कि इन जहाजों और हब का इस्तेमाल सैन्य उद्देश्य से किया जा रहा था। ये हमले ऐसे समय किए गए हैं, जब यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की मदद को लेकर नार्वे की यात्रा पर हैं। यहां उनकी अमेरिकी विशेष दूत स्टीव विटकॉफ से मुलाकात हुई। इसे अमेरिका के साथ बिगड़े संबंधों को सुधारने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। यह मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब ट्रंप और जेलेंस्की के बीच तनातनी है।

जेलेंस्की और विटकॉफ ने एक-दूसरे को गले लगाया

जेलेंस्की और विटकॉफ ने एक-दूसरे को गले लगाया और ओस्लो में नार्वे व फिनलैंड के नेताओं की ओर से मंगलवार को आयोजित बैठक में शामिल हुए। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के दामाद जेरेड कुश्नर बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से शामिल हुए। हालांकि ट्रंप और जेलेंस्की के बीच इस समय जिस तरह के संबंध हैं, उससे यूक्रेन को अमेरिका से आगे मदद मिलने पर अनिश्चितता है।

एपी के अनुसार, जेलेंस्की ने कहा कि उन्होंने एशिया दौरे पर गए अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो से बात की। उनके अनुसार, यूक्रेन के पास अमेरिकी पैट्रियट वायु रक्षा प्रणाली लगभग खत्म होने वाली है। रूसी बैलिस्टिक मिसाइलों को रोकने के लिए यूक्रेन को इनकी जरूरत है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि पेंटागन उन मिसाइलों की आपूर्ति में देरी कर रहा है, जिन्हें दूसरे देशों ने यूक्रेन के लिए खरीदा है।

उन्होंने रूबियो से यह सुनिश्चित करने में मदद मांगी कि अमेरिका यूक्रेन के साथ अहम खुफिया जानकारी साझा करना जारी रखे। जेलेंस्की ने कहा कि अमेरिकी कंपनी स्पेसएक्स की उपग्रह इंटरनेट सेवा पर कीव के लिए पाबंदियां अब भी लागू हैं, जिससे युद्ध के मोर्चे पर सैन्य अभियान प्रभावित हो रहे हैं।

पुतिन-विटकॉफ की जल्द हो सकती है मुलाकात

रायटर्स के अनुसार, रूसी राष्ट्रपति भवन क्रेमलिन ने विटकॉफ और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच जल्द बैठक होने की संभावना व्यक्त की है। इधर, रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने यूक्रेनी राष्ट्रपति पर मास्को के साथ शांति वार्ता को जानबूझकर पटरी से उतारने का आरोप लगाया।

यूक्रेन मामले में ठीक कर रहा रूस: ट्रंप

न्यूयार्क टाइम्स के अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने फिर ऐसी बात कही है, जो यूक्रेन को पसंद नहीं आएगी। सोमवार को एक रैली के लिए जाते समय व्हाइट हाउस के बाहर पत्रकारों से ट्रंप ने कहा, 'सच कहूं तो रूस यूक्रेन मामले में ठीक कर रहा है।'

उन्होंने कहा, 'हमने यूक्रेन को बहुत कुछ दिया, लेकिन हमें उनसे कुछ नहीं मिला। इसे याद रखना।' बता दें कि ट्रंप और जेलेंस्की के बीच पिछले एक हफ्ते से तीखी बयानबाजी और परोक्ष हमले हो रहे हैं।

(समाचार एजेंसी रॉयटर्स के इनपुट के साथ)