मालदीव में खुली दुनिया की पहली ऐसी ऑर्ट गैलरी, देखकर हैरान रह जाएंगे आप
ऊंची लहरें उठने पर यह गैलरी पूरी तरह डूब जाती है और पानी का स्तर कम होने पर वापस दिखने लगती है।
माले, आइएएनएस। मालदीव में पानी में स्थित दुनिया की पहली आर्ट गैलरी खुल गई है। कोरालेरियम नामक इस गैलरी में 30 कलाकृतियां हैं, जो मूंगे की चट्टानों और अन्य जलीय जीवों से प्रेरित हैं। सिरु फेन फुशी रिजॉर्ट में स्थित बड़े क्यूब (घन) के आकार की इस आर्ट गैलरी का तीन मीटर हिस्सा पानी के अंदर और छह मीटर हिस्सा समुद्रतल के ऊपर है। समुद्र में ज्वार के वक्त ऊंची लहरें उठने पर यह गैलरी पूरी तरह डूब जाती है और पानी का स्तर कम होने पर वापस दिखने लगती है।
इस अनोखी गैलरी को ब्रिटेन के मशहूर मूर्तिकार जेसन डीकैरेस टेलर ने बनाया है। इसे बनाने में करीब नौ महीने का समय लगा। टेलर का कहना है, इसे देखने के इच्छुक पर्यटक स्कूबा डाइविंग के साथ कला का भी आनंद उठा सकते हैं। यह ऐसा चिडि़याघर है जहां जानवर नहीं बल्कि हम पिंजड़े में होंगे। समुद्री जीव हमारे पास से गुजरेंगे। यह अपने आप में बहुत अनोखा अनुभव होगा।
क्या है इसकी खासियत
इस गैलरी की दीवारें पीएच-न्यूट्रल मरीन स्टील से बनाई गई हैं। इससे आसपास के पानी में नीला रंग चमकता है। इसमें रोशनी की भी व्यवस्था की गई है। रात को रोशनी से आकर्षित होकर कई समुद्री जीव गैलरी के आसपास इकट्ठा हो जाते हैं। यह दृश्य द्वीप के तट से भी देखा जा सकता है। टेलर का कहना है कि यह समुद्री संसार को बचाए रखने का एक छोटा प्रयास है।