देशव्यापी कोरोना कर्फ्यू के कारण बढ़ रहे घरेलू हिंसा के मामले, महिलाएं दर्ज करा रही शिकाएतें
श्रीलंका में देशव्यापी कर्फ्यू लगने के बाद अस्पताल में आने वाली कई महिलाओं ने घरेलू हिंसा की शिकायत की है।
कोलंबो, आइएएनएस। श्रीलंका में कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए लगाए गए कर्फ्यू के दौरान घरेलू हिंसा के मामलों में बढ़ोतरी देखने को मिली है। राजधानी कोलंबो स्थित नेशनल हॉस्पिटल के आपातकाल विभाग में आने वाले ऐसे मामलों में वृद्धि दर्ज की गई है। विभाग की हेड नर्स पुष्पा डे सोयसा ने बताया कि बीते शुक्रवार को देशव्यापी कर्फ्यू लगने के बाद अस्पताल में आने वाली कई महिलाओं ने घरेलू हिंसा की शिकायत की। इस महिलाओं का कहना था कि घर में बंद रहने के दौरान वे अपने पति के दुर्व्यवहार और मारपीट का शिकार हुईं।
इस बीच, सोमवार सुबह खत्म हुए देशव्यापी कर्फ्यू को आठ जिलों में एक दिन के लिए और बढ़ा दिया गया। इन जिलों में राजधानी कोलंबो भी शामिल है। देश में कोरोना पीड़ितों की संख्या 82 हो गई है। अभी तक किसी की मौत की खबर नहीं है।
भारत में कोरोना से आठ लोगों की मौत
बता दें कि कोरोना वायरस श्री लंका ही नहीं पूरे देश के लिए बड़ी समस्या बन गया है। भारत में कोरोना के पॉजिटिव केसों में असम ने भी पूरे राज्य में 24 मार्च से 31 मार्च की शाम 6 बजे तक लॉकडाउन कर दिया है।
वहीं, कोरोना वायरस के बढ़ते मामले को लेकर महाराष्ट्र सरकार ने राज्य में कर्फ्यू लगाने का आदेश दे दिया है। पश्चिम बंगाल में कोरोना वायरस से एक व्यक्ति की मौत हो गई है। देश में इससे मरने वालों की संख्या आठ हो गई है।
पंजाब में 31 मार्च तक लगाया गया कर्फ्यू
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार भारत में कोरोना वायरस (COVID-19) के पॉजिटिव मामलों की संख्या 415 हो गई है। 23 लोग ठीक हो गए। अभी तक कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के देखते हुए पंजाब में 31 मार्च तक कर्फ्यू लगा दिया गया है। वहीं, पुड्डुचेरी में रात 9 बजे से कर्फ्यू लगा दिया जाएगा। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) के सभी केंद्रों में ओपीडी सेवाएं अगले आदेश तक बंद रहेंगी। भारत सरकार ने राज्यों से लॉकडाउन को सख्ती से लागू करने के लिए कहा है। उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।