वेस्ट बैंक में इजराइली सुरक्षा बलों की फायरिंग में दो फलस्तीनियों की मौत, बड़ी आतंकी साजिश नाकाम
वेस्ट बैंक में इजरायली सैनिकों की फायरिंग में दो फलस्तीनी मारे गए और पांच घायल हुए, जिसे इजरायली सेना ने एक बड़े आतंकी हमले को विफल करना बताया है।

वेस्ट बैंक में इजरायली सैनिकों की फायरिंग में दो मरे (फोटो-जागरण)
HighLights
वेस्ट बैंक में इजरायली सैनिकों की फायरिंग में दो फलस्तीनी मारे गए।
इजरायली सेना ने इसे बड़ा आतंकी हमला विफल बताया है।
चुनाव से पहले वेस्ट बैंक में आवागमन पूरी तरह बंद।
डिजिटल डेस्क, हेब्रान। वेस्ट बैंक में शुक्रवार को इजरायली सैनिकों की फायरिंग में दो फलस्तीनी मारे गए। घटना में पांच लोग घायल हुए हैं।
इजरायली सेना ने कहा है कि मारे गए लोग बड़ा आतंकी हमला करने आए थे, इस दौरान हुई फायरिंग में वे मारे गए। घटना के बाद वेस्ट बैंक में दर्जनों फलस्तीनियों को गिरफ्तार किया गया है।
इजरायल में संसदीय चुनाव से चार दिन पहले हुई इस घटना के बाद सरकार ने फलस्तीनी बहुल वेस्ट बैंक में आवागमन पूरी तरह से बंद कर दिया है। सेना ने कहा है कि उसने इजरायली लोगों पर होने वाले आतंकी हमले को विफल कर दिया है।
इस साजिश में हेब्रान में एम 16 राइफल और हैंडगन लेकर इजरायली नागरिकों पर हमले के लिए आए दो फलस्तीनी फायरिंग में मारे गए। सेना ने घटना के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी है।
इस घटना के बाद इजरायली प्रधानमंत्री के कार्यालय ने बताया कि हेब्रान को घेरकर वहां आवागमन बंद करने के निर्देश दिए गए हैं जबकि वेस्ट बैंक भी बंद कर दिया गया है।
मंगलवार को होने वाले मतदान से पहले हुई इस घटना के बाद प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सुरक्षा मामलों की कैबिनेट, शीर्ष सैन्य अधिकारियों और खुफिया एजेंसियों के प्रमुखों के साथ बैठक की।
बैठक के बाद नेतन्याहू ने कहा, हमारे बहादुर सैनिकों ने आतंकी हमले की साजिश को विफल कर दिया है। हमास के लिए अब कोई जगह नहीं बची है।
चुनाव के दौरान गड़बड़ी पैदा करने की फलस्तीनी आतंकी संगठनों की साजिश सफल नहीं होगी। प्रधानमंत्री ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
इससे संकेत मिलता है कि घटना में घायल पांच लोग इजरायली हैं। विदित हो कि वेस्ट बैंक इजरायल के कब्जे वाला फलस्तीनी बहुल क्षेत्र है।
सोर्स- न्यूज एजेंसी AP के अनुसार
यह भी पढ़ें- हमास के हमले के बाद इजरायल में पहला आम चुनाव, क्या बेटा खोने वाले गादी आइजेनकोट दे पाएंगे नेतन्याहू को मात?
