विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'रूस के आगे समर्पण के लिए यूक्रेन पर दबाव डाल रहे', जेलेंस्की ने ट्रंप पर लगाया आरोप

Published: Tue, 20 Oct 2026 05:00 AM (IST)

यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने अमेरिकी अखबार ब्लूमबर्ग न्यूज को दिए इंटरव्यू में आरोप लगाया कि डोनल्ड ट्रंप यूक्रेन पर रूस के आगे समर्पण करने का दबाव डाल रहे हैं।

जेलेंस्की ने ट्रंप पर लगाया आरोप। (फाइल फोटो।)

जेलेंस्की ने ट्रंप पर लगाया आरोप। (फाइल फोटो।)

HighLights

  1. ट्रंप पर यूक्रेन को रूस के आगे झुकाने का आरोप।

  2. रूस ने कीव, क्रिवीरीह पर किया बड़ा मिसाइल हमला।

  3. यूक्रेन को सहयोगी देशों से नहीं मिली पूर्व चेतावनी।

जेएनएन, नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप यूक्रेन पर दबाव डाल रहे हैं कि वह रूस के आगे समर्पण करे। यह गंभीर आरोप यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने अमेरिकी अखबार ब्लूमबर्ग न्यूज को दिए इंटरव्यू में कही है। यह इंटरव्यू रविवार के अंक में प्रकाशित हुआ है।

उल्लेखनीय है कि ट्रंप और जेलेंस्की के बीच पिछले एक हफ्ते से तीखी बयानबाजी और परोक्ष हमले हो रहे हैं। रॉयटर के अनुसार रूस ने रविवार-सोमवार रात यूक्रेन पर फिर बड़ा हमला किया। इस हमले में राजधानी कीव और क्रिवीरीह में तीन लोग मारे गए और कई घायल हुए हैं, साथ ही 10 से ज्यादा ऊर्जा संयंत्रों को बड़ा नुकसान हुआ है। ऊर्जा संयंत्रों पर हमले से साढ़े पांच लाख घरों की बिजली गुल हो गई है।

300 से ज्यादा ड्रोन का इस्तेमाल कर रूस ने किया हमला

हमले के बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने अमेरिका का नाम लिए बगैर कहा कि रूस के इस बड़े हमले से पहले सहयोगी देशों ने उसे पूर्व चेतावनी नहीं दी। रूस ने ताजा हमले में कीव और अन्य इलाकों में 16 बैलेस्टिक मिसाइलों और 300 से ज्यादा ड्रोन का इस्तेमाल किया।

इस हमले की जद में कीव, खार्कीव, निप्रो, ओडेसा, क्रिवीरीह और अन्य शहर आए। इन शहरों में स्थित बिजलीघरों और गैस स्टेशनों को रूसी मिसाइलों और ड्रोन ने निशाना बनाया। हमलों में कीव में एक महिला की मौत हुई जबकि क्रिवीरीह में दो लोग मारे गए।

जेलेंस्की क्या बोले?

युद्ध के बीच न्यूयार्क टाइम्स ने बताया कि पैट्रियट डिफेंस सिस्टम की मिसाइलों की कमी के चलते यूक्रेन की वायुसेना अब एफ-16 लड़ाकू विमानों से रूसी मिसाइलों और ड्रोन को गिरा रही है।

अमेरिका और वहां के राष्ट्रपति ट्रंप से चल रही तीखी बयानबाजी के बीच यूक्रेनी राष्ट्रपति ने कहा, ताजा हमले से पहले यूक्रेन को कोई चेतावनी नहीं मिली जिससे बचाव या हमले को विफल करने के उपाय किए जा सकते। लेकिन यूक्रेन के वायुसेना प्रमुख ने रूस के दूसरी बार के हमले से पहले चेतावनी संदेश मिलने की बात कही है।

जेलेंस्की ने कहा, जब यूक्रेन को इंटरसेप्टर मिसाइलों की आपूर्ति ठप हो और रूस पर लगने वाले प्रतिबंधों में विलंब किया जा रहा हो तो वह हमारे सहयोगी की भूमिका पर सवाल खड़े करता है। जाहिर है जेलेंस्की ने अमेरिका का नाम लिए बगैर उस पर ही कटाक्ष किया है।

विदित हो कि साढ़े चार वर्ष के युद्ध में यूक्रेन को ज्यादातर समय रूस से बैलेस्टिक मिसाइल दागे जाने की अमेरिकी सिस्टम से अर्ली वार्निंग मिल जाती थी जिससे वह काफी हद तक बचाव कर लेता था। इस चर्चा के बीच अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने यूक्रेन को खुफिया सूचना या पूर्व चेतावनी रोकने के अमेरिका में किसी भी निर्णय से इन्कार किया है।

यह भी पढ़ें: यूक्रेन युद्ध पर चर्चा के लिए पुतिन ने ट्रंप और चिनफिंग के साथ त्रिपक्षीय समिट का रखा प्रस्ताव, रिपोर्ट में दावा