दोहा वार्ता में उठेगा अफगानिस्तान में हिंसा का मामला, लगातार हिंसा ने बढ़ाई सभी की चिंता
अफगानिस्तान सरकार के मुख्य वार्ताकार ने कहा है कि तालिबान के साथ अगले दौर की वार्ता में लगातार हो रही हिंसा का मामला उठाया जाएगा। इधर ताजा हिंसा में तालिबान ने 45 यात्रियों से भरी बस को अगवा कर लिया।
काबुल, एजेंसियां। अफगानिस्तान सरकार के मुख्य वार्ताकार ने कहा है कि तालिबान के साथ अगले दौर की वार्ता में लगातार हो रही हिंसा का मामला उठाया जाएगा। इधर ताजा हिंसा में तालिबान ने 45 यात्रियों से भरी बस को अगवा कर लिया। एक अन्य घटना में घात लगाकर छह पुलिस अफसरों को मार डाला गया। तालिबान और अफगान सरकार के बीच सितंबर माह से कतर की राजधानी दोहा में वार्ता चल रही है। 22 दिन का वार्ता में विराम दिया गया था। 5 जनवरी को यह वार्ता फिर शुरू होने जा रही है।
अफगान सरकार के मुख्य वार्ताकार ने कहा, 5 जनवरी को शुरू होगी वार्ता
वार्ता से पहले अफगान सरकार के मुख्य वार्ताकार मासूम स्टेनेकजाइ ने कहा कि लगातार हिंसा का मामला गंभीर है। दो माह में हिंसा में छह पत्रकारों को भी मार डाला गया है। हमले में पुलिस और सेना के जवानों के साथ निर्दोष नागरिक भी मार गए हैं। इधर तालिबान ने अफगानिस्तान के पश्चिमी प्रांत के हेरात में शनिवार को 45 यात्रियों से भरी एक बस का अपहरण कर लिया। चिल्डोखतरान इलाके में जब बस यात्रियों को लेकर जा रही थी, तभी आतंकी सवार हो गए और बस को अज्ञात स्थान की ओर ले गए।
आतंकवादियों ने यात्रियों से भरी बस की अगवा, छह पुलिसकर्मी मारे
एक अन्य घटना में कमांडर सहित छह पुलिस अफसरों को तालिबानी आतंकियों ने मार डाला। पुलिस पर घात लगाकर हमला पूर्वी अफगानिस्तान के नानगरहर प्रांत में बाटीकोट जिले में हुआ। इसमें पुलिस कमांडर ताहिर खान की भी मौत हो गई। हमले की पुष्टि तालिबान ने भी की है। तालिबान के अपने ही बम के फटने होने पर इस संगठन के एक नेता मुल्लाह नजीम सहित छह आतंकवादियों की मौत हो गई।