विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

म्यूनिख एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला, वियतनाम एयरलाइंस का बोइंग 787 रनवे से फिसला; इमरजेंसी लैंडिग

Published: Sun, 16 Aug 2026 09:38 AM (IST)

म्यूनिख एयरपोर्ट पर वियतनाम एयरलाइंस के बोइंग 787 विमान की आपातकालीन लैंडिंग हुई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

HighLights

  1. म्यूनिख एयरपोर्ट पर वियतनाम एयरलाइंस के विमान की इमरजेंसी लैंडिंग।

  2. बोइंग 787 में तकनीकी खराबी के बाद सुरक्षित वापसी।

  3. सभी यात्री और क्रू सदस्य पूरी तरह सुरक्षित।

डिजिटल डेस्क, म्यूनिख। जर्मनी के म्यूनिख एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टल गया। हनोई जा रही वियतनाम एयरलाइंस के बोइंग 787 विमान की उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।

फ्लाइट-ट्रैकिंग वेबसाइट 'Flightradar24' के अनुसार, टेकऑफ के समय विमान के रनवे से आगे निकल जाने की खबर आई, जिसके बाद विमान ने ईंधन हल्का करने के लिए हवा में दो घंटे से अधिक समय तक चक्कर लगाए।

म्यूनिख एयरपोर्ट पर कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग

विमान की म्यूनिख एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कराई गई, जिसके बाद आपातकालीन स्थिति को देखते हुए दमकल की टीम मौके पर पहुंची और यात्रियों को इमरजेंसी स्लाइड के जरिए सुरक्षित बाहर निकाला गया।

एयरलाइन ने अपने आधिकारिक बयान में पुष्टि की कि विमान टेकऑफ के बाद एक तकनीकी खराबी की वजह से वापस लौटा। हालांकि, एयरलाइन ने इस खराबी के सटीक कारणों की जानकारी नहीं दी है।

सभी यात्री सुरक्षित, जांच जारी

एयरलाइन ने कहा, फ्लाइट क्रू ने सुरक्षा से जुड़ी सभी तय प्रक्रियाओं का पालन किया और म्यूनिख एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। विमान में सवार सभी यात्री और केबिन क्रू के सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं।

कंपनी ने यह भी बताया कि वह घटना की जांच के लिए संबंधित अधिकारियों और एजेंसियों के साथ मिलकर काम कर रही है।

एयरपोर्ट का नॉर्थ रनवे बंद

घटना के बाद म्यूनिख एयरपोर्ट प्रशासन ने अपनी वेबसाइट पर जानकारी दी कि उसने अपना नॉर्थ रनवे बंद कर दिया है, जिसके कारण हवाई यातायात में कुछ देरी हो सकती है।

जानकारी के अनुसार, विमान ने साउथ रनवे से उड़ान भरी थी, लेकिन लैंडिंग नॉर्थ रनवे पर की गई, जिसे बाद में सुरक्षा कारणों से बंद कर दिया गया।