विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जर्मनी में अमेरिकी लड़ाकू विमान F-16 क्रैश, मलबे में हुआ तब्दील; सूझबूझ से बची पायलट की जान

Published: Wed, 23 Sep 2026 03:33 PM (IST)

पश्चिमी जर्मनी के स्पैंगडाहलेम एयर बेस पर एक अमेरिकी F-16 लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे विमान पूरी तरह जलकर मलबे में बदल गया।

HighLights

  1. पश्चिमी जर्मनी में अमेरिकी F-16 लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ।

  2. विमान पूरी तरह जलकर मलबे में तब्दील हो गया।

  3. पायलट ने सूझबूझ से इजेक्ट कर अपनी जान बचाई।

डिजिटल डेस्क, बर्लिन। जर्मनी से एक बड़ी और हैरान करने वाली खबर सामने आ रही है। यहां पश्चिमी जर्मनी स्थित स्पैंगडाहलेम एयर बेस पर अमेरिका का एक अत्याधुनिक लड़ाकू विमान F-16 दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा इतना भीषण था कि विमान जलकर पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गया। 

हालांकि गनीमत यह रही कि इस भयानक हादसे में पायलट की जान बाल-बाल बच गई। बता दें कि यह दुर्घटना जर्मनी के स्पैंगडाहलेम एयर बेस पर रनवे के पास हुई, जिससे चारों तरफ जले हुए मलबे के ढेर और धुएं का गुबार देखा गया।

पायलट की सूझबूझ से बची जान

एयरबेस के अधिकारियों ने पुष्टि की है कि विमान के क्रैश होने से ठीक पहले पायलट ने अपनी सूझबूझ का परिचय देते हुए इजेक्ट कर लिया था। इसके बाद पैराशूट की मदद से सुरक्षित बाहर निकले पायलट को तुरंत मेडिकल टीम के हवाले कर दिया गया। फिलहाल, अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है और वे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।

सामने आया दिल दहला देने वाला वीडियो

दुर्घटना के बाद का एक बहुत ही डरावना वीडियो सामने आया है, जिसमें रनवे के पास बिखरा हुआ विमान का जला हुआ मलबा और राहत-बचाव कार्य साफ देखा जा सकता है। वीडियो इस बात की गवाही देता है कि हादसा कितना खतरनाक था। फिलहाल मामले में अमेरिकी वायुसेना ने इस घटना की तकनीकी जांच के आदेश दे दिए हैं ताकि दुर्घटना के असली कारणों का पता लगाया जा सके।