अमेरिका और दक्षिण कोरिया एक अप्रैल से करेंगे सैन्य अभ्यास
फिनलैंड की राजधानी हेलसिंकी में उत्तर एवं दक्षिण कोरिया और अमेरिका के प्रतिनिधिमंडलों के बीच वार्ता चल रही है।
सियोल, एएफपी/आइएएनएस। अमेरिका और दक्षिण कोरिया ने एक अप्रैल से अपना सालाना संयुक्त सैन्य अभ्यास करने की मंगलवार को घोषणा की। उन्होंने कहा कि सैन्य अभ्यास के आकार में कमी नहीं जाएगी। हालांकि इसे दो महीने की जगह एक महीना कर दिय गया है। उत्तर कोरिया के साथ दक्षिण और अमेरिका की प्रस्तावित शिखर वार्ता से पहले यह फैसला किया गया।
-अभ्यास में एक महीने की कटौती कर दी गई
-प्रस्तावित शिखर वार्ता से पहले होगी यह कवायद
माना जा रहा था कि शिखर वार्ता को पटरी से उतरने से बचाने के लिए इस साल सैन्य अभ्यास को रोक दिया जा सकता है। उत्तर कोरिया इसे अपने ऊपर हमले का पूर्वाभ्यास मानता है। अमेरिकी रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, हमारा संयुक्त सैन्य अभ्यास रक्षा से संबंधित है। उत्तर कोरिया द्वारा इसे उकसावे वाला बताने का कोई कारण नहीं है। उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग-उन से पिछले महीने मुलाकात करने वाले दक्षिण कोरियाई दूत के मुताबिक, किम ने कहा था कि वह यह सैन्य अभ्यास जारी रखने की जरूरत समझते हैं। यह स्वीकारोक्ति किम प्रशासन के पूर्व के अभ्यासों की निंदा से एकदम विपरीत है।
गौरतलब है कि पिछले महीने दक्षिण कोरिया के प्योंगचांग में शीतकालीन ओलंपिक के चलते सैन्य अभ्यास में देरी की गई। पिछले साल सैन्य अभ्यास मार्च और अप्रैल में हुआ था।
दो प्रकार के अभ्यास
अमेरिका और दक्षिण कोरिया का सैन्य अभ्यास दो प्रकार का होता है। 'फोएल ईगल' अभ्यास में जमीनी प्रशिक्षण होता है। इसमें करीब 11,500 अमेरिकी सैनिकों के साथ 290,000 दक्षिण कोरियाई सैनिक हिस्सा लेंगे। 'की रिसोल्व' कमान पोस्ट अभ्यास है जो मुख्य रूप से कंप्यूटर पर आधारित है।
उत्तर-दक्षिण कोरिया के राजनयिकों की बैठक
उत्तर और दक्षिण कोरिया के राजनयिकों के बीच मंगलवार को बैठक हुई। इसमें अप्रैल होने वाली शिखर वार्ता से पहले दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान और संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा हुई।
के-पॉप ग्रुप उत्तर कोरिया जाएगा
दक्षिण कोरिया का के-पॉप ग्रुप 31 मार्च से उत्तर कोरिया की राजधानी प्योंगयांग का दौरा करेगा। 160 सदस्यों वाला ग्रुप तीन अप्रैल तक वहां रहेगा। शीतकालीन ओलंपिक के दौरान उत्तर कोरिया के कलाकारों ने दक्षिण कोरिया में कार्यक्रम पेश किया था।
परमाणु मसला नहीं
फिनलैंड की राजधानी हेलसिंकी में उत्तर एवं दक्षिण कोरिया और अमेरिका के प्रतिनिधिमंडलों के बीच वार्ता चल रही है। फिनलैंड के विदेश मंत्री टिमो सोइनी ने मंगलवार को कहा कि बातचीत के एजेंडे में परमाणु कार्यक्रम का मसला शामिल नहीं है। उन्होंने कहा कि यह शिक्षाविदों और अधिकारियों की बैठक है। फिनलैंड की इसमें सिर्फ सहायक की भूमिका है। अमेरिका और उत्तर कोरिया की शिखर वार्ता से पहले चल रही कूटनीतिक गतिविधियों के बीच हेलसिंकी बैठक हो रही है।