इस मुद्दे पर दुश्मनी भूल साथ आए अमेरिका और रूस, तुर्की में की बैठक
अफगानिस्तान में 17 साल से जारी संघर्ष को खत्म कराने के प्रयास में जुटे अमेरिका ने अब इस मसले पर रूस से बात की है।
अंकारा, एपी। अफगानिस्तान में 17 साल से जारी संघर्ष को खत्म कराने के प्रयास में जुटे अमेरिका ने अब इस मसले पर रूस से बात की है। अमेरिका के शांति दूत जालमे खलीलजाद ने अपने रूसी समकक्ष से तुर्की की राजधानी अंकारा में मुलाकात कर अफगान शांति मसले पर बातचीत की। खलीलजाद ने अफगान समस्या का हल खोजने के प्रयास में गत जनवरी में भारत, चीन, पाकिस्तान और अफगानिस्तान का दौरा किया था।
अंकारा स्थित रूसी दूतावास ने शुक्रवार को ट्वीट के जरिये यह जानकारी दी। इसमें कहा गया, 'अमेरिकी शांति दूत खलीलजाद और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के दूत जमीर काबुलोव के बीच यहां वार्ता की मेजबानी की गई।' अफगानिस्तान मामले पर विशेष दूत खलीलजाद तालिबान के साथ चल रही शांति वार्ता में अमेरिकी पक्ष की अगुआई कर रहे हैं।
अफगानिस्तान में शांति के लिए रूस भी प्रयासरत
रूस भी अफगानिस्तान में शांति स्थापना के प्रयास में जुटा है। उसने इस महीने की शुरुआत में मॉस्को में अफगान वार्ता की मेजबानी की थी। इसमें तालिबान के प्रतिनिधियों और पूर्व राष्ट्रपति हामिद करजई समेत कई अफगान नेताओं ने शिरकत की थी। अमेरिका ने हालांकि इस वार्ता का विरोध किया था।
अमेरिका और तालिबान में अगले दौर की वार्ता सोमवार को
अमेरिका और तालिबान के बीच कतर में पिछले माह कई दौर की बातचीत हुई थी। दोनों पक्षों में अगले दौर की वार्ता सोमवार को कतर में होने वाली है। यह वार्ता अमेरिकी सैनिकों की वापसी और अफगानिस्तान को दोबारा आतंकवाद का अड्डा बनने से रोकने के उपायों पर केंद्रित होने की चर्चा है।