UN Report: तानाशाह Kim Jong Un ने छोटे परमाणु हथियार बनाने में हासिल की सफलता
UN ने अपनी एक रिपोर्ट जारी करते हुए कहा है कि तानाशाह Kim Jong Un ने छोटे परमाणु हथियार बनाने में हासिल की सफलता कर ली है।
प्योंगयांग, रॉयटर्स। लंबे समय से परमाणु हथियार बनाने की जुगत में लगे नॉर्थ कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन ने छोटे परमाणु हथियार बनाने में सफलता हासिल कर ली है। कुछ दिन पहले तानाशाह ने खुद इसकी घोषणा करते हुए कहा था कि परमाणु हथियार बना लेने के बाद अब वो दुनिया में अधिक सुरक्षित है।
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की नॉर्थ कोरिया पर बनाई गई विशेषज्ञों की कमेटी ने इसकी पुष्टि भी कर दी है। कमेटी ने कहा कि नॉर्थ कोरिया उस पर लगाए गए प्रतिबंधों का उल्लंघन कर रहा है। अमेरिका ने नॉर्थ कोरिया को अपने परमाणु कार्यक्रमों के प्रसार पर रोक लगाने के लिए तमाम प्रतिबंध लगाए थे मगर उसके बाद भी नॉर्थ कोरिया ने अपने परमाणु कार्यक्रम तेज किए और छोटे परमाणु हथियार विकसित कर लिए हैं।
नहीं रोका परमाणु कार्यक्रम
कमिटी ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि नॉर्थ कोरिया लगातार अपना परमाणु कार्यक्रम चला रहा है। इसमें उच्च संवर्धन वाले यूरेनियम और लाइट वॉटर रिएक्टर का निर्माण शामिल है। कमेटी के एक सदस्य देश ने कहा कि नॉर्थ कोरिया लगातार परमाणु हथियारों का निर्माण कर रहा है। उस पर किसी की रोक का कोई असर नहीं पड़ा है। इस अंतरिम रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि कई देशों का मानना है कि नॉर्थ कोरिया ने मिसाइलों में फीट करने के लिए छोटे परमाणु हथियार बना लिए हैं।
नॉर्थ कोरिया के पास 30 से 40 परमाणु बम
यूएन ने अपनी इस रिपोर्ट में कहा है कि कई देशों का मानना है कि किम जोंग उन ने छोटे परमाणु बम बनाने के लिए कुछ परीक्षण किए थे, उसके बाद वो ये छोटे बम बना पाया है। नॉर्थ कोरिया के खिलाफ कोई भी देश खुलकर कुछ भी बोलने को तैयार नहीं होता है। एक देश ने यहां तक कहा है कि नॉर्थ कोरिया छोटे परमाणु बम बनाने के बाद अब मल्टिपल वॉरहेड सिस्टम पर काम कर रहा है। उधर बीते माह ही नॉर्थ कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन ने कहा था कि परमाणु हथियार बनाने के बाद अब कोई देश पर किसी तरह से हमला करने की सोच नहीं सकता है।
परमाणु बम होने की जानकारी हो जाने के बाद तो ऐसा इरादा भी त्याग देगा। संयुक्त राष्ट्र ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि नॉर्थ कोरिया केवल प्रतिबंधों को धता बताकर काम नहीं कर रहा है बल्कि वो लगातार न केवल परमाणु कार्यक्रम को बढ़ा रहा है, बल्कि कोयले का निर्यात कर रहा है। संयुक्त राष्ट्र के विशेषज्ञों ने आरोप लगाया है कि प्योंगयांग लगातार साइबर हमले कर रहा है और ऑनलाइन आपराधिक गतिविधियों में शामिल है।
कट्टरता के लिए जाना जाता है तानाशाह
नॉर्थ कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन की पहचान अपनी सनक और कट्टरता के लिए होती है। दुनियाभर के लोग किम जोंग उन को एक सनकी तानाशाह कहते हैं। उसके देश में क्या हो रहा है ये जानकारियां बिना उसकी अनुमति के बाहर नहीं पहुंच पाती है। यदि कोई ऐसा करता है तो उसके लिए मौत से कम कोई सजा नहीं है।
और तो और तानाशाह के सजा देने के तरीके इतने खतरनाक होते हैं कि आम लोग उसके बारे में सुनकर ही कांप जाते हैं। तानाशाह सजा देने में किसी तरह की मुरव्वत नहीं करता है चाहे गुनाह करने वाला उसका रिश्तेदार ही क्यों न हो। किम जोंग उन अब तक अपने आधा दर्जन रिश्तेदारों और खास लोगों को भयानक सजा दे चुका है। तानाशाह ने इन लोगों को जो सजाएं दी हैं उसके बारे में सुनकर ही लोग डर और सहम जाते हैं।