Russia-Ukraine War: 13 महीने बाद युद्ध के और भीषण होने की आशंका, यूक्रेन अब रूस पर करेगा पलटवार
यूक्रेन के रिजिश्चीव में मरने वालों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है। राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के युद्ध क्षेत्र के दौरे में रूस को कड़ा जवाब देने के एलान के बाद यूक्रेनी सेना के शीर्ष कमांडर ने रूस की युद्ध नीति में बदलाव का संकेत दिया है। (फोटो एएफपी)
कीव, रायटर। यूक्रेन की सेना ने चार महीने तक रूसी सेना के भीषण हमलों को झेला है, अब वह बहुत जल्द जवाबी हमला करेगी। यह बात यूक्रेनी सेना के शीर्ष सैन्य कमांडर ने कही है।
उन्होंने कहा कि भीषण ठंड के मौसम में रूसी सेना ने बाखमुट शहर पर बर्बर हमले जारी रखे, लेकिन वह शहर पर कब्जा नहीं कर पाई। अब रूसी सेना की हवा निकल गई है और अब उसे यूक्रेनी सेना का मुकाबला करना पड़ेगा।
इस बीच बुधवार रात के हमले में यूक्रेन के रिजिश्चीव में मरने वालों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है। राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के युद्ध क्षेत्र के दौरे में रूस को कड़ा जवाब देने के एलान के बाद यूक्रेनी सेना के शीर्ष कमांडर कर्नल जनरल ओलेक्जेंडर सिरस्की ने रूस की युद्ध नीति में बदलाव का संकेत दिया है।
पलटवार की कोशिश में है यूक्रेन
रूस की सेना के साथ ही उसके सशस्त्र संगठन वैगनर ग्रुप ने बीते ठंडक के मौसम में बाखमुट पर कब्जे की हर संभव कोशिश की है, लेकिन अब जबकि ठंडक का मौसम बीत चुका है तब यूक्रेन पलटवार की कोशिश में है।
न्यूजीलैंड के पूर्व सैनिक की मौत
यूक्रेन में वृद्धों की मदद कर रहे न्यूजीलैंड की सेना के पूर्व सैनिक केन ते ताई (38) की मौत हो गई है। उनकी मौत के कारण की जांच चल रही है। वह नो डफ चैरिटेबल ट्रस्ट के लिए पूर्वी यूक्रेन के युद्धग्रस्त क्षेत्र के एक गांव में साथियों के साथ कार्य कर रहे थे।
कुछ महीने पहले दिए साक्षात्कार में केन ने बताया था कि उन्होंने यूक्रेन आने से पहले पत्नी के साथ संबंध खत्म कर दिया था, नौकरी छोड़ दी थी और अपना मकान व कार बेच दी थी। उनकी एक 12 वर्ष की बेटी है। उन्होंने कहा था कि उन्हें यूक्रेन से प्यार था और वह यहीं रहना चाहते थे।