विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'तीन दिन का राशन-पानी जमा कर लो...', ब्रिटेन सरकार ने अपने नागरिकों के लिए क्यों जारी की एडवाइजरी?

Published: Mon, 26 Oct 2026 09:13 AM (IST)

ब्रिटेन सरकार ने 'बी रेडी' मुहिम के तहत नागरिकों से 72 घंटे के लिए भोजन, पानी और आवश्यक सामान का स्टॉक रखने की अपील की है।

ब्रिटेन सरकार ने बी रेडी मुहिम की शुरुआत की

ब्रिटेन सरकार ने बी रेडी मुहिम की शुरुआत की

HighLights

  1. नागरिकों को 72 घंटे के लिए भोजन, पानी का स्टॉक करें।

  2. खराब मौसम, सुरक्षा खतरों, साइबर हमलों के कारण एडवाइजरी।

  3. आपातकालीन किट में टॉर्च, रेडियो, दवाएं, नकदी रखें।

डिजिटल डेस्क, लंदन। दुनियाभर में जारी भू राजनीतिक तनाव, युद्ध और प्रदर्शनों के बीच अब ब्रिटेन में भी एक अजीब हलचल देखने को मिल रही है।

ब्रिटेन सरकार ने एक विशेष मुहिम ‘बी रेडी’ की शुरुआत की है जिसके तहत लोगों से अपने घरों में कम से कम 72 घंटे यानी 3 दिनों के लिए पर्याप्त भोजन, पानी और जरूरी सामान का स्टॉक तैयार रखने की अपील की है।

सरकार ने क्यों जारी की एडवाइजरी?

ब्रिटेन में यह एडवाइजरी मुख्य रूप से खराब मौसम, ऑस्टिन तूफान, बढ़ते सुरक्षा खतरों और बड़े पैमाने पर साइबर हमलों की आशंका को देखते हुए जारी की गई है।

तूफान और संभावित तकनीकी विफलताओं की वजह से आवश्यक सेवाओं जैसे बिजली, पानी, इंटरनेट और डिजिटल पेमेंट सिस्टम के ठप होने का खतरा बढ़ गया है।

ऐसे संकट में राहत और बचाव दल को लोगों तक पहुंचने में वक्त लग सकता है। इसलिए सरकार चाहती है कि हर परिवार शुरुआती 3 दिन तक बिना किसी बाहरी मदद के अपनी जरूरतें पूरी करने में सक्षम हो।

बी रेडी किट में क्या-क्या होना जरूरी?

सरकार ने एडवाइजरी जारी करते हुए यह स्पष्ट किया है कि एडवाइजरी घबराहट फैलाने के लिए नहीं बल्कि एक एहतियाती कदम के तौर पर जारी की गई है। सरकार ने नागरिकों को अपनी आपातकालीन किट को व्यवहारिक रखने को कहा है।

सरकार की सलाह के मुताबिक हर व्यक्ति के लिए पीने के पानी की व्यवस्था होनी चाहिए। एक व्यक्ति को रोजाना करीब 3 लीटर पीने का पानी जरूरी है।

इस हिसाब से एक व्यक्ति के लिए 3 दिनों के लिए कम से कम 9 लीटर पानी की व्यवस्था होनी जरूरी है। साफ सफाई और खाना पकाने के लिए अतिरिक्त पानी की व्यवस्था रखें।

सरकार ने लोगों को ऐसा डिब्बाबंद या सूखा खाद्य पदार्थ जिसे पकाने के लिए गैस या फ्रिज की जरूरत न पड़े और जो जल्दी खराब न हो रखने की सलाह दी है।

साथ ही अपने पास बैटरी से चलने वाली टॉर्च, अतिरिक्त सेल और पूरी तरह चार्ज पावर बैंक रखने को भी कहा है। बिजली या इंटरनेट बंद होने पर आधिकारिक समाचार सुनने के लिए हाथ से चलने वाला या बैटरी वाला एफएम रेडियो रखने की सलाह दी है।

बुनियादी प्राथमिक उपचार किट और परिवार के सदस्यों की जरूरी नियमित दवाएं भी रखने की सलाह दी है। सरकार ने लोगों को नकदी रखने की सलाह दी है क्योंकि डिजिटल पेमेंट ठप होने की स्थिति में नकदी ही सबसे ज्यादा काम आएगी

परिवार के हर सदस्य के लिए योजना बनाएं

ब्रिटेन के सुरक्षा मंत्री डैन जार्विस ने नागरिकों से अपील की है कि वे छोटे-छोटे कदम उठाकर संकट से निपटने की अपनी क्षमता बढ़ाएं। सरकार ने निर्देश दिया है कि किट तैयार करते समय परिवार के हर सदस्य की खास जरूरतों का ध्यान रखा जाएं।

जिन घरों में नवजात या छोटे बच्चे हैं, वे दूध, बेबी फूड और डायपर का पर्याप्त स्टॉक रखें। साथ ही पालतू जानवरों के लिए भी 3 दिन का भोजन और पानी अलग से रखने की भी सलाह दी है।

घबराएं नहीं, पहले घर का सामान जांचे

सरकार का कहना है कि लोगों को बाजार जाकर पैनिक होने की जरूरत नहीं है। सबसे पहले लोग अपने घर में देख लें कि घर में पहले से क्या-क्या उपलब्ध है। इसके बाद जो चीजें कम हैं, केवल उन्हीं को जुटाकर एक व्यवस्थित इमरजेंसी किट तैयार कर लें।

यह भी पढ़ें- ब्रिटेन में मेयर बनने के बाद पहली बार भारत पहुंचे रोहतक के मां-बेटे, ढोल-नगाड़ों से हुआ स्वागत