विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नशे की हालत में लंदन की सड़क पर बेहोश मिलीं UAE के शाही परिवार की महिला, पास में नंगे पैर खेल रहा था 3 साल का बच्चा

Published: Fri, 16 Oct 2026 09:19 AM (IST)

घटना 13 जुन की है, जब लंदन की सड़क पर UAE की शाही परिवार की महिला महराह अल नाहयान कोकीन ...और पढ़ें

UAE की शाही परिवार की महिला महराह अल नाहयान।

UAE की शाही परिवार की महिला महराह अल नाहयान।

डिजिटल डेस्क, लंदन। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के शाही परिवार से जुड़ी एक महिला का बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। शाही परिवार की 32 वर्षीय महराह अल नाहयान लंदन की एक व्यस्त सड़क पर कोकीन के अत्यधिक सेवन के बाद बेहोश पाई गईं। उनके पास ही उनका तीन साल का मासूम बच्चा नंगे पैर तेज ट्रैफिक के बिल्कुल पास खेलता हुआ देखा गया। 

बता दें कि यह घटना 13 जून की है। पश्चिम लंदन की सड़क पर महराह अल नाहयान को अचेत अवस्था में देखकर राहगीरों ने तुरंत मदद के लिए कदम बढ़ाया। बच्चा सड़क पर बिना जूतों के एक स्कूटर के साथ खेल रहा था और ट्रैफिक बहुत पास से गुजर रहा था, जिसे देखकर वहां मौजूद लोगों ने बच्चे को सुरक्षित संभाला और पुलिस को सूचना दी।

आधे घंटे तक पूरी तरह अचेत रहीं नाहयान

रिपोर्ट्स के मुताबिक, ड्रग्स लेने के बाद वह करीब आधे घंटे तक पूरी तरह अचेत रहीं। जब उन्हें होश में लाया गया, तो उन्होंने मौके पर मौजूद लोगों से कथित तौर पर कहा कि यह कोई कत्लखाना नहीं है.... तुम लोग इतनी परवाह क्यों कर रहे हो? तुम इतने चिंतित क्यों हो?

तलाशी और अस्पताल में भर्ती

मिली जानकारी के अनुसार, मौके पर पहुंची पुलिस और अधिकारियों ने जब उनकी तलाशी ली, तो उनके पास से ड्रग्स लेने का सामान तो बरामद हुआ, लेकिन कोई सीधा अवैध ड्रग नहीं मिला। इस घटना के बाद उन्हें सरे स्थित प्रसिद्ध प्रायरी क्लिनिक के वोकिंग सेंटर में नशा मुक्ति के लिए भर्ती कराया गया था।

अदालत में कबूल किया जुर्म

गौरतलब है कि साउथवार्क क्राउन कोर्ट में हुई सुनवाई के दौरान, महराह अल नाहयान ने बच्चे की उपेक्षा के आरोप को स्वीकार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, उन्हें हर महीने 8000 पाउंड का भत्ता मिलता है।

हालांकि अभियोजक रियो पहलवानपोर ने अदालत को बताया कि राहगीरों ने देखा कि बच्चा अकेला और बिना जूतों के सड़क पर था और तेज ट्रैफिक के बेहद करीब होने के कारण लोगों को बीच-बचराव करना पड़ा।

बचाव पक्ष का क्या कहना है?

दूसरी ओर बचाव पक्ष के वकील स्टीफन वुल्लो केसी ने अदालत में दलील दी कि उनकी मुवक्किल ने मान लिया है कि उस दिन उनसे बहुत बड़ी भूल हुई थी। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिस दिन वह बेहोश पाई गईं, उस दिन उन्होंने कोई ड्रग नहीं लिया था, बल्कि पिछले कुछ दिनों में किए गए नशा सेवन के कारण वह अत्यधिक थकान की स्थिति में थीं।

कोर्ट ने क्या फैसला सुनाया?

वकील ने कहा कि उन्हें अपनी इस गलती पर गहरा पछतावा है और वे अपनी इस लत से पूरी तरह बाहर आना चाहती हैं। उनका तीन महीने का रिहैब प्रोग्राम इसी महीने के अंत में पूरा होने वाला है, जिसके बाद वे गिल्डफोर्ड इलाके में एक प्रॉपर्टी किराए पर लेकर डे-पेशेंट के रूप में अपना इलाज जारी रखेंगी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जज ने महराह अल नाहयान को दो साल के कम्युनिटी रिहैबिलिटेशन प्रोग्राम को पूरा करने और 6114 पाउंड का जुर्माना भरने का आदेश दिया है।