थ्री-इडियट्स के 'वांगचुक' और वातनानी को मिला मैग्सेसे पुरस्कार
यह पुरस्कार 1957 में फिलीपींस के तीसरे राष्ट्रपति रमन मैग्सेसे की याद में शुरू किया गया था।
मनीला, आइएएनएस। भारत के सोनम वांगचुक और भरत वातनानी ने शुक्रवार को मनीला में आयोजित एक समारोह में रमन मैग्सेसे पुरस्कार प्राप्त किया। एशिया के नोबेल पुरस्कार के तौर पर विख्यात इस सम्मान से कंबोडिया में हुए नरसंहार में किसी तरह खुद को बचाने वाले युक चांग, पूर्वी तिमोर की मारिया डि लुआरडेज मार्टिंस क्रूज, फिलीपींस के होवार्ड डी और वियतनाम के दिव्यांग वो थी होयांग येन को भी सम्मानित किया गया।
यह पुरस्कार 1957 में फिलीपींस के तीसरे राष्ट्रपति रमन मैग्सेसे की याद में शुरू किया गया था। प्रत्येक साल समाज में उल्लेखनीय योगदान देने वाले किसी व्यक्ति या संगठन को यह पुरस्कार दिया जाता है। पुरस्कार के तौर पर विजेता को सर्टिफिकेट, एक मेडल और नकद राशि दी जाती है।
मशहूर फिल्म थ्री-इडियट्स में आमिर खान ने वांगचुक का ही किरदार निभाया था। वांगचुक ने जहां शिक्षा, संस्कृति और पर्यावरण के जरिये लद्दाखी युवाओं के आर्थिक जीवन की प्रगति के लिए बेहतरीन काम किया है। वहीं वातनानी ने पत्नी के साथ मिलकर पहले छोटे स्तर पर सड़कों पर रहने वाले मानसिक रोगियों का प्राइवेट क्लीनिक में इलाज करना शुरू किया था। इसके बाद उन्होंने वर्ष 1988 में 'श्रद्धा रिहैबिलिटेशन फाउंडेशन' की स्थापना की।