Vande Bharat Mission: सऊदी अरब में फंसे 565 भारतीयों को लेकर दो फ्लाइट्स रवाना
कोरोना महामारी के कारण लागू लॉकडाउन के चलते दूसरे देशों में फंसे भारतीयों को वापस लाने के लिए वंदे भारत मिशन की शुरूआत की गई है।
रियाद, एएनआइ। शनिवार को वंदे भारत मिशन के तहत सऊदी अरब में फंसे भारतीयों को लेकर दो स्पेशल फ्लाइट्स रवाना हुई। ये फ्लाइट्स 565 भारतीयों के साथ केरल के तिरुवनंतपुरम और कोझिकोड़ पहुंचेंगी।
सऊदी अरब में भारतीय दूतावास ने ट्वीट करके इसकी जानकारी दी है। इसमें लिखा गया है, "आज किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट दम्मम से 148 यात्रियों के साथ एयर इंडिया फ्लाइट एआइ 1946 को कोझिकोड के लिए रवाना किया गया है।"
दूतावास ने एक अन्य ट्वीट में कहा, "किंग फहद खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट रियाद से त्रिवेंद्रम के लिए एयर इंडिया फ्लाइट 1940 के जरिए 417 भारतीयों को रवाना किया गया है।" बता दें कि कोरोना महामारी के कारण लागू लॉकडाउन के चलते दूसरे देशों में फंसे भारतीयों को वापस लाने के लिए वंदे भारत मिशन की शुरूआत की गई है।
नाइजीरिया से लाए जा रहे 231 भारतीय
इसके अलावा नाइजीरिया में फंसे 231 भारतीयों को लेकर एयर इंडिया की फ्लाइट रवाना हो चुकी है। यह फ्लाइट मुंबई के लिए रवाना हुई है। नाइजीरिया में भारतीय दूतावास ने ट्वीट करके बताया, "आज वंदे भारत मिशन के तहत नाइजीरिया से 231 भारतीयों को लेकर मुंबई के लिए पहली एयर इंडिया 1906 LOS-BOM फ्लाइट रवाना हुई है।"
कुवैत में फंसे भारतीय लौटे घर
कुवैत में फंसे करीब 600 भारतीय नागरिक खाड़ी देश द्वारा संचालित दो विशेष विमानों से शनिवार को अपने घर लौट आए हैं। भारत लौटे 580 यात्री नेल्लौर समेत आंध्र प्रदेश के विभिन्न हिस्सों के रहने वाले हैं।
वंदे भारत मिशन
वंदे भारत मिशन का तीसरा चरण शुरू हो चुका है जिसके लिए लोगों ने टिकट बुक करा लिया है। इस मिशन के पहले चरण की शुरूआत 7 मई से हुई थी और दूसरा चरण 16 मई से शुरू हुआ था, अब 11 जून से तीसरा फेज शुरू हो चुका है जो 30 जून तक चलेगा। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अनुराग श्रीवास्तव ने बताया कि वंदे भारत मिशन के तहत अभी तक दूसरे देशों में फंसे 1,65,375 भारतीय नागरिकों को वापस लाया जा चुका है, जिनमें 29,034 प्रवासी मजदूर भी शामिल हैं।