तुर्की के उप प्रधानमंत्री बोले, अमेरिका के साथ मिलकर सुलझाएंगे राजनयिक विवाद
इस विवाद की शुरुआत तुर्की में अमेरिकी कर्मी की गिरफ्तारी से हुई। इसके बाद अमेरिका ने तुर्की में सभी गैर-आव्रजन वीजा सेवाओं पर रोक लगा दी।
अंकारा, रायटर्स। अमेरिका और तुर्की के बीच पैदा हुए राजनयिक विवाद को सुलझाने के लिए दोनों देशों के अधिकारियों ने मुलाकात करने का फैसला किया है और विदेश मंत्रियों के बीच बातचीत काफी अहम रही। तुर्की के उप प्रधानमंत्री बेकिर बोजदग ने गुरुवार को यह बात कही।
गौरतलब है कि इस विवाद की शुरुआत तुर्की में एक स्थानीय अमेरिकी कर्मी की गिरफ्तारी से हुई। इसके बाद अमेरिका ने रविवार को तुर्की में सभी गैर-आव्रजन वीजा सेवाओं पर अनिश्चितकाल के लिए रोक लगा दी। वहीं कुछ ही घंटे बाद तुर्की ने भी अमेरिकी नागरिकों के लिए वीजा सेवाओं को निलंबित कर दिया।
इस संबंध में अमेरिकी विदेश मंत्री रेक्स टिलरसन ने बुधवार को तुर्की के विदेश मंत्री से बातचीत की और गिरफ्तारी पर अपनी चिंता जताई। अमेरिकी विदेश मंत्रालय के एक बयान में यह बात कही गई। वहीं तुर्की के उप प्रधानमंत्री ने एक इंटरव्यू में कहा कि दोनों देशों के विदेश मंत्रियों के बीच बातचीत 'रचनात्मक' रही। दोनों पक्षों ने मुलाकात करने और एक साथ मिलकर काम करने का फैसला किया।
यह भी पढ़ें: अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा, उत्तर कोरिया पर कुछ तो किया जाना चाहिए