टोक्यो में कोरोना को लेकर चौथे स्टेज का अलर्ट, अस्पतालों में भारी संख्या में पहुंच रहे मरीज
जापान की राजधानी टोक्यो में प्रत्येक दिन कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं। ऐसे में इस स्थिति से निपटने कि लिए अस्पतालों में भी तनाव बढ़ गया है। अब टोक्यो में बढ़ते मामलों को देखते हुए चौथे स्टेज का अलर्ट घोषित किया गया है।
टोक्यो, रॉयटर्स। जापान की राजधानी टोक्यो में इस वक्त कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं। ऐसे में टोक्यो के अस्पतालों में तनाव है कि कैसे इस स्थिति का सामना किया जाए। बढ़ते मामलों को देखते हुए यहां के अस्पतालों में चौथी स्टेज का अलर्ट घोषित किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, प्रत्येक दिन यहां पर 822 संक्रमित मामले दर्ज किए जा रहे हैं। एक स्वास्थ्य अधिकारी ने कहा कि कोरोना मामले बढ़ने से अस्पताल में रोगियों की देखभाल के लिए नियमित रूप मुश्किल पैदा होगी और नए मरीजों को भर्ती करने में भी परेशानियां आएगी। ऐसे में पहली बार मेडिकल तैयारियों के लिए राजधानी में रेड अलर्ट घोषित किया गया है।
उधर, दक्षिण कोरिया में कोरोना वायरस के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। संक्रमण से होने वाली मौतों का आंकड़ा हर रोज नया रिकॉर्ड बना रहा है। वायरस के प्रसार को रोकने के लिए सरकार सामाजिक दूरी और लॉकडउन जैसे उपायों को सख्ती से लागू करने पर विचार कर रही है। देश में अबतक वायरस से मरने वालों की संख्या बढ़कर 612 हो गई है।
देश में स्वास्थ्य से संबंधी रोग नियंत्रण एवं रोकथाम एजेंसी के मुताबिक गुरूवार को कोरोना वायरस के 1,014 नये मामले सामने आए हैं। इससे देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 46,453 हो गई है। बुधवार आधी रात तक संक्रमण से 22 और लोगों की मौत हुई है, जो पिछले सप्ताह में एक दिन में हुई 13 मौतों से काफी अधिक है।
सियोल और आसपास के क्षेत्रों में संक्रमण फैलने के बाद मौतों में वृद्धि होने की उम्मीद थी। गुरुवार को घने आबादी वाले शहर में 423 नए मामलों सहित 1,014 मामले रिपोर्ट किए गए हैं। लगातार बढ़ रहे मामलों को देखते हुए सरकार ने चेतावनी दी है कि उसे व्यावसायिक गतिविधि पर कठोर प्रतिबंध लगाना पड़ सकता है, हालांकि यह कदम केवल एक अंतिम उपाय होगा।