Brazil Dam Collapse: एक अन्य खनन बांध में दरार की चेतावनी से सहमे लोग
ब्रूमादिन्हो के लोग रविवार सुबह एक बार फिर कांप उठे जब एक अन्य खनन बांध में दरार आने की चेतावनी जारी की गई। यह स्थान उस बांध के निकट ही है, जो शुक्रवार को ढह गया था।
ब्रूमादिन्हो, एएफपी। डर के साये में जी रहे ब्रूमादिन्हो के लोग रविवार सुबह एक बार फिर कांप उठे जब एक अन्य खनन बांध में दरार आने की चेतावनी जारी की गई। यह स्थान उस बांध के निकट ही है, जो शुक्रवार को ढह गया था। उधर, शुक्रवार को बांध ढहने से मरने वालों की संख्या 40 हो गई है। जबकि सैकड़ों लोग लापता हैं। बचाए गए 23 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
खनन कंपनी वेल के बयान में कहा गया है कि दक्षिण-पूर्वी ब्राजील स्थित कोरेगो डो फीजाओ खनन कंाप्लेक्स के एक हिस्से में पानी बढ़ने की चेतावनी जारी की गई। चेतावनी जारी होने के तुरंत बाद दमकल कर्मियों ने तुरंत बांध के पास से लोगों को निकालना शुरू कर दिया।
ब्राजील के राष्ट्रपति जेयर बोल्सनारो ने इसे आपदा बताया है। उन्होंने शनिवार को घटनास्थल का दौरा किया। सेना ने राहत और बचाव कार्यो के लिए खोजी कुत्तों सहित एक हजार सैनिक लगाए हैं। वहीं लापता लोगों की खोज के लिए उच्चस्तरीय उपकरणों से लैस 130 सैनिकों की एक इजरायली टीम रविवार को ब्राजील पहुंच गई है। यह टीम ब्राजील में एक सप्ताह तक रुकेगी।