विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

VIDEO: थाईलैंड में बाढ़ से भारी तबाही, अब तक 31 लोगों की मौत; तेज आंधी और बारिश का अलर्ट

Published: Mon, 05 Oct 2026 06:02 PM (IST)

थाईलैंड में भारी बारिश और अचानक आई बाढ़ से अब तक 31 लोगों की मौत हो चुकी है और 35 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं।

HighLights

  1. थाईलैंड में बाढ़ से 31 लोगों की मौत, 35 लाख प्रभावित।

  2. भारी बारिश के कारण बैंकॉक को आपदा-प्रभावित क्षेत्र घोषित।

  3. मौसम विभाग ने आगामी दिनों में और भारी बारिश का अलर्ट।

डिजिटल डेस्क, बैंकॉक। थाईलैंड में भारी बारिश और अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। इसमें अब तक 31 लोगों की मौत हो चुकी है, वहीं 35 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं।

आपदा रोकथाम और शमन विभाग के अनुसार, वीकेंड और सोमवार को हुई भारी बारिश से बैंकॉक में बाढ़ आ गई, जिससे सड़कें और इलाके पानी में डूब गए। वीडियो में लोगों को घुटने तक पानी में चलते, कारों को डूबते और सुपरमार्केट व दुकानों को फर्श पर बाढ़ का पानी होने के बावजूद चलते हुए देखा गया।

मूसलाधार बारिश से कई इलाके जलमग्न

पिछले हफ्ते कई दिनों की मूसलाधार बारिश के बाद कई इलाके जलमग्न हो गए थे। शहर के हालात में काफी सुधार हुआ है, हालांकि कुछ निचले इलाकों में अभी भी बाढ़ का पानी भरा हुआ है।

पानी में रोजमर्रा के काम कर रहे लोग

एक वीडियो में लोगों को बाढ़ ग्रसित दुकानों को अंदर अपने रोजमर्रा के काम करते देखा जा सकता है, जबकि दूसरे वीडियो में गाड़ियां लगभग पूरी तरह पानी में डूबी हुई दिखाई दे रही हैं।

स्थानीय लोगों ने शॉपिंग मॉल के बाहर बाढ़ वाली सड़क को एक अस्थायी तैरते बाजार में बदल दिया, जहां विक्रेता पानी में चलकर और तैरते हुए प्लेटफॉर्म और फोम बॉक्स का इस्तेमाल करके मछली और सब्जियां बेच रहे थे।

बैंकॉक आपदा-प्रभावित क्षेत्र घोषित

लगातार भारी बारिश के कारण बड़े पैमाने पर बाढ़ आने के बाद बैंकॉक को आपदा-प्रभावित क्षेत्र घोषित किया गया था। कई इलाकों में स्कूल दूसरे दिन भी बंद रहे, जबकि कई निवासियों ने घर से काम किया। बाढ़ के कारण बैंकॉक के हवाई अड्डों पर यात्रा में भी रुकावट आई।

आंधी, तेज हवाएं और भारी बारिश का अनुमान

थाईलैंड के मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि सोमवार से बुधवार तक उत्तरी थाईलैंड के ज्यादातर हिस्सों में आंधी, तेज हवाएं और भारी बारिश की उम्मीद है, जिससे अचानक बाढ़ का खतरा बढ़ जाएगा। बैंकॉक सहित मध्य, पूर्वी और दक्षिणी क्षेत्रों के कुछ हिस्सों में भी बहुत भारी से भारी बारिश का अनुमान है।