विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 07, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

चीन की साम-दाम-दंड-भेद की नीति को लेकर ताइवान ने अपनी सुरक्षा के लिए किया बड़ा सैन्य अभ्यास

By Bhupendra SinghEdited By:
Published: Thu, 07 Jun 2018 06:38 PM (IST)

चीन से बढ़ते तनाव के बीच ताइवान ने ताइचुंग शहर में बड़ा युद्धाभ्यास किया।

चीन की साम-दाम-दंड-भेद की नीति को लेकर ताइवान ने अपनी सुरक्षा के लिए किया बड़ा सैन्य अभ्यास
चीन की साम-दाम-दंड-भेद की नीति को लेकर ताइवान ने अपनी सुरक्षा के लिए किया बड़ा सैन्य अभ्यास

ताइपे, रायटर। चीन से बढ़ते तनाव के बीच ताइवान ने ताइचुंग शहर में बड़ा युद्धाभ्यास किया। 'हान कुआंग' नामक इस सालाना सैन्य अभ्यास पर निगरानी के लिए ताइवान ने पहली बार ड्रोन भी इस्तेमाल किए। युद्धाभ्यास में तोपखाने और 16 एफ-16 लड़ाकू विमानों ने दुश्मन देश की सेना की भूमिका निभाई जबकि 12 जिंगगुओ और आठ एफ-16एस लड़ाकू विमानों ने ताइवान की सुरक्षा का जिम्मा उठाया।

चीन से अपनी रक्षा और सुरक्षा तैयारियों के मद्देनजर ताइवान हर साल युद्धाभ्यास करता है। अफ्रीका महाद्वीप में ताइवान के इकलौते सहयोगी देश स्वाजीलैंड के किंग मस्वाती तृतीय भी इस अभ्यास को देखने ताइवान आए हैं। ताइवान की राष्ट्रपति साई इंग-वेन भी उनके साथ मौजूद थीं।

उल्लेखनीय है कि चीन लगातार खास रणनीति के तहत ताइवान के सहयोगी देशों पर उससे रिश्ते तोड़ने का दबाव डाल रहा है। इसके लिए वह साम-दाम-दंड-भेद हर नीति का प्रयोग कर रहा है। इसी के चलते हाल में दो अफ्रीकी देशों बर्किना फासो और डोमिनिकन गणराज्य ने ताइवान से कूटनीतिक संबंध तोड़ लिए। ताइवान के अब केवल 18 देशों से कूटनीतिक रिश्ते बचे हैं।